Page Loader
ग्रीस में राफेल लड़ाकू विमानों की चोरी-छिपे तस्वीरें लेने पर 4 चीनी नागरिक गिरफ्तार
ग्रीस में राफेल की तस्वीरें ले रहे 4 चीनी नागरिक गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर: एक्स/@RealAirPower1)

ग्रीस में राफेल लड़ाकू विमानों की चोरी-छिपे तस्वीरें लेने पर 4 चीनी नागरिक गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Jul 10, 2025
05:46 pm

क्या है खबर?

ग्रीस के तनाग्रा में 4 चीनी नागरिकों को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वे चोरी-छिपे राफेल लड़ाकू विमानों और हेलेनिक एयरोस्पेस इंडस्ट्री (HAI) की तस्वीरें ले रहे थे। गिरफ्तार लोगों में 2 पुरुष, एक महिला और एक युवक शामिल है। चारों को हेलेनिक एयरफोर्स ने पुलिस के हवाले कर दिया है। चीनी नागरिकों द्वारा संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों की तस्वीरें लेने की जानकारी मिलते ही हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

घटना

क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, HAI के सुरक्षा कर्मियों ने सबसे पहले चारों नागरिकों को राफेल की तस्वीरें लेते और इलाके की वीडियो बनाते पकड़ा था। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें वहां से जाने और सभी तस्वीरें हटाने को कहा, लेकिन वे पास के पुल पर चले गए और चेतावनी को दरकिनार कर HAI प्रतिष्ठानों और 114वें कॉम्बैट विंग की तस्वीर लेने लगे। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत 114वीं कॉम्बैट विंग की वायुसेना पुलिस (एरोनोमिया) को बुलाया और उनको गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच

जांच में क्या आया सामने?

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि चारों नागरिक ग्रीस में पर्यटक बनकर दाखिल हुए थे। जांच में उनके पास HAI क्षेत्र से बड़ी मात्रा में फोटोग्राफिक सामग्री पाई गई है। ग्रीस अधिकारी जांच कर रहे हैं कि क्या यह एक अलग घटना थी या खुफिया जानकारी जुटाने के किसी व्यवस्थित प्रयास का हिस्सा थी। मामले को काफी गंभीरता से लिया जा रहा है और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की ओर से भी साक्ष्यों का मूल्यांकन किया जा रहा है।

सेंध

राफेल की तकनीक चोरी करना चाहता है चीन?

भारत-ग्रीस के बीच महत्वपूर्ण सैन्य संबंध हैं। हाल में ग्रीस ने भारत के साथ कई वायु और नौसैनिक अभ्यासों में भाग लिया है, जिनमें पिछले साल 'तरंग शक्ति' और इस साल INIOCHOS 25 शामिल हैं। भारत राफेल का उपयोग करता है और पिछले दिनों 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान राफेल ने पाकिस्तान को धूल चटाई थी। वहीं, चीन फर्जी सूचनाओं से राफेल को बदनाम कर रहा है। वह राफेल का ऑर्डर देने वाले देशों से भी संपर्क करने में जुटा है।

जानकारी

फ्रांस ने अब तक बेचे 533 राफेल विमान

फ्रांस की डसॉल्ट एविएशन ने अब तक 533 राफेल विमान बेचे हैं। इसमें 323 मिस्र, भारत, कतर, ग्रीस, क्रोएशिया, संयुक्त अरब अमीरात, सर्बिया और इंडोनेशिया सहित कई देशों के पास हैं। इंडोनेशिया ने 42 विमानों का ऑर्डर दिया है। भारत के पास 36 जेट हैं।