
71 साल की यह बुजुर्ग महिला हैं फिटनेस की मिसाल, बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में लिया भाग
क्या है खबर?
बुढ़ापे में लोग बिस्तर को दोस्त मान लेते हैं और कमजोरी के कारण काम-काज नहीं कर पाते हैं।
हालांकि, कुछ बुजुर्गों का जज्बा उन्हें ऐतिहासिक चीजें करने के लिए प्रेरित करता है और वह साहस की मिसाल पेश करते हैं।
ऐसा ही कुछ चीन में हुआ है, जहां 71 साल की बुजुर्ग महिला की फिटनेस ने लोगों को अचंभित कर दिया है।
वह इतनी उम्रदराज होने के बावजूद भी इतनी मेहनती हैं कि उन्होंने बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में भाग लिया।
मामला
प्रतियोगिता में हासिल किया तीसरा स्थान
महिला का नाम सुन मिंगुई है, जो मूल रूप से मध्य चीन के अनहुई प्रांत के मानशान की रहने वाली हैं।
उन्होंने न केवल फिटनेस प्रतियोगिता में भाग लिया, बल्कि तीसरा स्थान हासिल करके इतिहास भी रच डाला।
उन्होंने इस साल वुहान में हुई 'राष्ट्रीय फिटनेस नवागंतुक गुणवत्ता प्रतियोगिता' में मिश्रित लिंग वर्ग में कांस्य पदक जीता।
इसका मतलब है कि उन्होंने न केवल अपने से आधी उम्र की महिलाओं को हराया, बल्कि पुरुषों को भी मात दी।
प्रशिक्षण
67 की उम्र में शुरू किया था व्यावसायिक प्रशिक्षण
मिंगुई रिटायर होने से पहले एक स्टील फैक्ट्री के कैफेटेरिया में काम करती थीं। व्यस्त रहते हुए भी वह रोजाना एक्सरसाइज करने का समय निकाल लेती थीं।
हालांकि, रिटायर होने के बाद उन्होंने सेहतमंद बने रहने के लिए रस्सी कूदना, साइकिल चलाना और हाईकिंग करना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं, उन्होंने 67 साल की उम्र में फिटनेस प्रशिक्षण शुरू किया और कुछ ही समय में सिक्स-पैक और मजबूत बॉडी बना ली।
एक्सरसाइज
हफ्ते में 5 दिन करती हैं एक्सरसाइज
मिंगुई ने अपनी फिटनेस के बारे में बात करते हुए कहा कि बढ़ती उम्र के साथ उनकी मांसपेशियां ढलने के बजाय मजबूत होती गईं।
उनका कहना है, "इससे साबित होता है कि उम्र चाहे जो भी हो, आप शक्ति प्रशिक्षण या अन्य एक्सरसाइज कर सकते हैं। स्थिर रहने की तुलना में गतिशील रहना हमेशा बेहतर होता है।"
वह हफ्ते में कम से कम 5 दिन एक्सरसाइज करती हैं और उनके सभी सत्र एक घंटे से लंबे होते हैं।
डाइट
कैसी है मिंगुई की डाइट?
मिंगुई हमेशा तंदरुस्त रहना चाहती हैं, इसीलिए वह एक सख्त दिनचर्या का पालन करती हैं। वह अपने खान-पान का भी खास ख्याल रखती हैं और पौष्टिक डाइट ही लेती हैं।
वह अपने शरीर की प्रोटीन की जरूरत को पूरा करने के लिए रोज 4 से 5 अंडे खाती हैं।
वह खाना बनाते समय बहुत कम तेल का इस्तेमाल करती हैं और उसमें थोड़ी मात्रा में ही चीनी और नमक भी शामिल करती हैं।
रिकॉर्ड
मिंगुई के नाम दर्ज है यह विश्व रिकॉर्ड
मिंगुई कहती हैं, "उम्र सिर्फ एक संख्या है, सीमा नहीं। लोग सोचते हैं कि बुजुर्गों को केवल सैर पर जाना चाहिए, लेकिन मैं कुछ अलग चाहती हूं। मैं डम्बल उठाना चाहता हूं।"
उन्हें साइकिल चलाना भी अच्छा लगता है। 2014 में 60 वर्ष की आयु में उन्होंने चीन के सबसे पूर्वी बिंदु से सबसे दक्षिणी शहर सान्या तक साइकिल चलाकर 45 दिनों में 6,316 किलोमीटर की दूरी तय की थी।
ऐसा करके उनका नाम गिनीज बुक में शामिल हुआ था।