Page Loader
मलेशियाई मॉडल लिशालिनी कौन हैं, जिन्होंने पुजारी पर लगाया छेड़खानी का आरोप?
मॉडल लिशालिनी कौन हैं, जिनके साथ हिन्दू पुजारी ने की छेड़छाड़? (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@lishallinykanaran)

मलेशियाई मॉडल लिशालिनी कौन हैं, जिन्होंने पुजारी पर लगाया छेड़खानी का आरोप?

Jul 10, 2025
05:39 pm

क्या है खबर?

मलेशिया में भारतीय मूल की अभिनेत्री और टीवी होस्ट लिशालिनी कनारन ने एक हिंदू पुजारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, पुजारी ने आशीर्वाद देने के बहाने उनके साथ गंदी हरकत की। यह घटना पिछले महीने सेपांग के मरिअम्मन मंदिर में हुई थी। यह तब चर्चा में आई, जब मिस ग्रैंड मलेशिया रह चुकी लिशालिनी ने सोशल मीडिया पर इसका जिक्र किया। आइए जानते हैं क्या है मामला और कौन हैं लिशालिनी।

आपबीती

एक खास आशीर्वाद देने के बहाने पुजारी ने की गंदी हरकत

लिशालिनी ने इंस्टाग्राम पर अपने एक पोस्ट में बताया कि ये घटना 21 जून की थी, जब वह अकेले मंदिर गई थीं। उनके मुताबिक, भारतीय पुजारी ने पहले उन्हें कथित पवित्र जल और रक्षा सूत्र देने की बात कही।उसके बाद भारत से लाया हुआ पवित्र जल छिड़कने के बाद उनके साथ छेड़छाड़ की। लिशालिनी ने बताया कि वह मंदिर में प्रार्थना कर रही थीं, जब पुजारी ने उनसे कहा कि वह उनके लिए खास आशीर्वाद देगा।

खुलासा

पुजारी ने मेरे सीने पर हाथ रखा, कपड़े उतारने को कहा- लिशालिनी

इसके लिए पुजारी ने लिशालिनी को अपने निजी दफ्तर में बुलाया। वहां पुजारी ने उनके चेहरे और शरीर पर तेज गंध वाला तरल पदार्थ छिड़का। इसके बाद उसने उनके सीने पर गलत तरीके से हाथ रखा और कपड़े उतारने को कहा। पुजारी ने कहा कि यह उनके भले के लिए है। जब लिशालिनी ने इसका विरोध किया तो पुजारी ने उनसे कहा कि अगर मैं उसके साथ ये करूंगी तो ये आशीर्वाद होगा, क्योंकि वो भगवान की सेवा करता है।"

चेतावनी

पुलिस ने दी लिशालिनी को चेतावनी

लिशालिनी ने बताया कि पुलिस अधिकारी ने उन्हें चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने यह बात सार्वजनिक की तो लोग उन्हें ही दोष देंगे। मॉडल के मुताबिक मंदिर प्रबंधन ने इस मामले को दबाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पहले भी इस पुजारी के खिलाफ ऐसी शिकायत आई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिशालिनी ने कहा कि इस घटना ने उन्हें मानसिक और भावनात्मक रूप से तोड़ दिया। वह चुप नहीं रहेंगी और इंसाफ की मांग जारी रखेंगी।

परिचय

लिशालिनी के बारे में

मलेशिया के सेलांगोर की लिशालिनी यूनिवर्सिटी टुंकू अब्दुल रहमान में आर्किटेक्चर की छात्रा रहीं। साल 2020 में उन्होंने मिस ग्रैंड सेलांगोर का खिताब जीता था। तब वह पढ़ाई कर रही थीं। उस समय कोविड-19 प्रतिबंधों के कारण मिस ग्रैंड मलेशिया 2021 का चयन वर्चुअल रूप से हुआ था, जिसमें लिशालिनी को 'मिस ग्रैंड मलेशिया' का ताज पहनाया गया था। लिशालिनी मलेशियाई टीवी सीरीज 'जीयुम नीयुम' में काम कर चुकी हैं। उन्हें आखिरी बार वेब शो 'थिगिल' में देखा गया था।