LOADING...
अमेरिका में एक और चीनी वैज्ञानिक जैविक तस्करी में गिरफ्तार, वुहान प्रयोगशाला से जुड़े हैं तार
अमेरिका में चीनी वैज्ञानिक गिरफ्तार

अमेरिका में एक और चीनी वैज्ञानिक जैविक तस्करी में गिरफ्तार, वुहान प्रयोगशाला से जुड़े हैं तार

लेखन गजेंद्र
Jun 10, 2025
10:40 am

क्या है खबर?

अमेरिका ने जैविक तस्करी के मामले एक और चीनी वैज्ञानिक को गिरफ्तार किया है, वह चीन की वुहान प्रयोगशाला से जुड़ा हुआ है। संघीय जांच ब्यूरो (FBI) के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का नाम चेंगशुआन हान है, जो वुहान में हुआझोंग विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में PhD का छात्र है। उसे 8 जून को मिशिगन के डेट्रॉयट मेट्रोपॉलिटन हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया है। उसके ऊपर अमेरिका में माल तस्करी करने और झूठे बयान देने के आरोप हैं।

आरोप

हान पर क्या है आरोप?

FBI ने बताया कि हान ने इससे पहले चीन से मिशिगन विश्वविद्यालय की प्रयोगशाला में 4 पैकेज भेजे थे, जिसमें से हर एक में राउंडवॉर्म से संबंधित जैविक सामग्री थी। इसके लिए अमेरिकी कानून के तहत विशेष आयात परमिट की जरूरत होती है। इस पैकेज को एक किताब के अंदर छिपाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि डेट्रॉयट उतरने पर, हान ने पैकेज की जानकारी नहीं दी थी। साथ ही हान ने अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से साक्ष्य मिटा दिए थे।

बयान

FBI के निदेशक काश पटेल ने क्या कहा?

FBI निदेशक काश पटेल ने कहा कि अमेरिका में जैविक पदार्थों की तस्करी करने और एजेंट्स से बोलने के आरोप में एक दूसरे चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि हान ने पूछताछ में पैकेज भेजने और उनकी सामग्री के बारे में झूठ बोलने की बात स्वीकार की है। पटेल ने बताया कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) अमेरिका के शोध संस्थानों को कमजोर करने के लिए अथक प्रयास कर रही है।

ट्विटर पोस्ट

हिरासत में ली गई सामग्री

गिरफ्तार

4 जून को गिरफ्तार हो चुकी है चीनी महिला

इससे पहले 4 जून को 33 वर्षीय युनकिंग जियान को गिरफ्तार किया गया था। जियान और उसके प्रेमी 34 वर्षीय जुनयोंग लियू पर अमेरिका में फ्यूजेरियम ग्रैमिनियरम नामक फंगस की तस्करी का आरोप है। जियान मिशिगन और लियू चीनी विश्वविद्यालय में शोधार्थी है। दोनों CCP से जुड़े हैं। हालांकि, लियू को अमेरिका में नहीं पकड़ा गया। FBI अधिकारियों ने फ्यूजेरियम ग्रैमिनियरम को हानिकारक कवक बताया, जो गेंहू, जौ, मक्का और चावल में 'हेड ब्लाइट' नामक बीमारी का कारण बनता है।