
दुनिया के 60 देशों में फैला कोरोना वायरस, मरने वालों की संख्या 3,000 पार
क्या है खबर?
चीन के वुहान शहर से शुरू हुआ कोरोना वायरस (COVID-19) दुनिया के 60 देशों में फैल गया है।
दुनियाभर में इसके कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 3,000 से ज्यादा हो गई है और 80,000 से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हैं।
चेक रिपब्लिक और स्कॉटलैंड में रविवार को इस वायरस के पहले मामले सामने आए।
चीन और ईरान के बाद अब यूरोपीय देशों में भी यह वायरस तेजी से फैल रहा है।
आइये, यह खबर विस्तार से जानते हैं।
कोरोना वायरस
चीन के बाद ईरान में सबसे ज्यादा मौतें
रविवार को ईरान में कोरोना वायरस से संक्रमित 11 लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही यहां वायरस के कारण जान गंवाने वाले लोगों की आंकड़ा 54 पहुंच गया है। यह चीन के बाद सर्वाधिक है।
वहीं इटली में रविवार तक इससे संक्रमित लोगों की संख्या 1,694 पहुंच गई।
फ्रांस में अब तक 130 लोग संक्रमित पाए गए हैं। वायरस के प्रकोप को देखते हुए फ्रांस स्थित लुव्र म्यूजियम को बंद कर दिया गया है।
जानकारी
अमेरिका में कोरोना वायरस से दो की मौत
अमेरिका के वॉशिंगटन में कोरोना इस वायरस से संक्रमित दो लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को इसकी पुष्टि की। वहीं फ्लोरिडा में रविवार को इसका पहला मामला सामना आया। अमेरिका में कुल 74 लोग इससे संक्रमित हैं।
कोरोना वायरस
साउथ कोरिया में 4,000 से ज्यादा लोग संक्रमित
साउथ कोरिया में रविवार को कोरोना वायरस के लगभग 500 नए मामले सामने आए और चार लोगों की मौत हुई। इसके साथ यहां मरने वालों की संख्या 22 और संक्रमित लोगों की संख्या 4,212 पहुंच गई है।
चीन के बाद साउथ कोरिया में इससे संक्रमित लोगों की संख्या सबसे अधिक है।
यहां एक चर्च के खिलाफ संक्रमण रोकने में सहयोग न करने के कारण हत्या का मामला दर्ज किया गया है। यहां शुरुआती कुछ मामले सामने आए थे।
जानकारी
इटली में अब तक 34 की मौत
इटली में पिछले 24 घंटों में इसके नए मामलों में 50 फीसदी उछाल देखा गया है। रविवार तक यहां 1,694 लोग इससे संक्रमित पाए गए और पांच लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 34 लोग इसकी वजह से जान गंवा चुके हैं।
कोरोना वायरस
चीन में मरने वालों की संख्या 2,912 पहुंची
चीन में रविवार को हुई 42 मौतों के साथ यहां आंकड़ा 2,912 पहुंच गया है। ये सभी मौतें हुबेई प्रांत में हुई।
रविवार को यहां 202 नए मामले सामने आए। जनवरी के बाद नए मामलों की यह सबसे कम संख्या है।
दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया और थाईलैंड में रविवार को कोरोना वायरस के कारण मौत के पहले मामले सामने आए।
संयुक्त राष्ट्र ने रविवार को कमजोर स्वास्थ्य व्यवस्था वाले देशों के लिए 15 मिलियन डॉलर के फंड की घोषणा की है।
वायरस
क्या है कोरोना वायरस?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार कोरोना वायरस एक वायरस परिवार है। इससे पीड़ित होने पर जुकाम, सांस लेने में परेशानी और किडनी फेल होने से मौत तक हो सकती है।
यह वायरस पशुओं के जरिए इंसानों में फैलता है। पीड़ित व्यक्ति के संपर्क में आने पर दूसरा व्यक्ति भी इससे संक्रमित हो जाता है।
अभी तक इसका उपचार नहीं ढूंढा जा सका है। केवल लक्षणों के आधार पर पीड़ित व्यक्ति का इलाज किया जा सकता है।
लक्षण और बचाव
ये हैं कोरोना वायरस के लक्षण और बचाव
इस वायरस से संक्रमित होने पर सबसे पहले बुखार की शिकायत होती है। उसके बाद खांसी और सांस लेने में परेशानी होने लगती है।
यह छूने, हाथ मिलाने, खांसने और छींकने से हवा में फैलता है और दूसरे व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लेता है।
इससे बचने के लिए अपने हाथों को साफ रखें, बीमार व्यक्ति के पास जाने से बचें, खांसते या छींकते समय मुंह पर मास्क रखें और बीमार होने पर घर से बाहर निकलने से बचें।