कोरोना वायरस का प्रकोप जारी, चीन के एक पूरे शहर को किया गया बंद

चीन में इन दिनों कोरोना वायरस का प्रकोप फैला हुआ है। इसके चलते इस वायरस से सबसे बुरी तरह प्रभावित वुहान शहर को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। एक करोड़ से ज्यादा जनसंख्या वाले इस शहर के सभी रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। यहां तक की सार्वजनिक यातायात के वाहनों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है और पूरे शहर की सफाई की जा रही है। आइये, यह पूरी खबर जानते हैं।
गुरुवार तक हुबेई में कोरोना वायरस के चलते 17 लोगों की मौत हो गई है और यहां के 600 निवासी इससे पीड़ित बताए जा रहे हैं। इस प्रांत की राजधानी वुहान है। हुबेई सरकार ने कोरोना वायरस के फैलते प्रकोप पर रोक लगाने के लिए स्थानीय लोगों के शहर छोड़ने पर अस्थायी रोक लगा दी है। लोगों को बिना उचित कारण शहर नहीं छोड़ने की सलाह दी गई है। बड़ी संख्या में भारतीय छात्र भी इस शहर में रहते हैं।
प्रशासन की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि सिटी बस, सबवे, दूसरे शहर जाने वाली ट्रेनें और उड़ानों पर गुरुवार सुबह 10 बजे से अगले आदेश तक रोक रहेगी। जानलेवा वायरस फैलने से रोकने के लिए ये प्रतिबंध लगाए गए हैं।
शहर को बंद करने से पहले यहां पर कई सावधानियां बरती जा रही थी। शहर छोड़ने वाले लोगों को मॉनिटर किया जा रहा था। इस हफ्ते शहर छोड़ने पर रोक लगा दी गई थी। स्थानीय पुलिस शहर में आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थी। रिपोर्ट के मुताबिक, हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर आने-जाने वाले यात्रियों की जांच के लिए लगभग 350 इंफ्रारेड थर्मोमीटर इस्तेमाल किये जा रहे हैं।
चीन ने प्रांतीय सरकारों को इस वायरस को फैलने से रोकने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा है। 24 जनवरी से चीनी नववर्ष की छुट्टियां शुरू हो रही हैं। इन छुट्टियों में लाखों लोग यात्राएं करते हैं, ऐसे में प्रशासन की चुनौतियां की गुना बढ़ जाएंगी। दूसरी तरफ चीन से यह वायरस थाईलैंड, अमेरिका, हांगकांग, जाापान और कोरिया भी पहुंच गया है। अमेरिका, कोरिया, जापान में इसके एक-एक और थाईलैंड में तीन मामले सामने आए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव प्रीति सुदन के मुताबिक, मंगलवार तक भारत के सात हवाईअड्डों पर 43 उड़ानों में सवार 9,156 यात्रियों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई थी। इस दौरान कोई भी यात्री इस वायरस से पीड़ित नहीं था। राहत की बात यह है कि भारत में इस वायरस का प्रकोप शुरू नहीं हुआ है। वहीं पुणे स्थित राष्ट्रीय वायरोलॉजी संस्थान और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने कम से कम 10 लैब्स में इस वायरस पर शोध शुरू किया है।
कोरोना वायरस एक वायरस फैमिली है जिसमें से मात्र छह इंसान को संक्रमित कर सकते हैं। 2019-nCoV नामक इस कोरोना वायरस को इस श्रेणी का सातवां वायरस माना जा रहा है और ये एक नया वायरस है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, ये वायरस संक्रमित सीफूड से पैदा होता है। चीनी अधिकारियों ने इस बात की भी पुष्टि की है कि ये वायरस एक इंसान से दूसरे इंसान में फैल सकता है।
कोरोना वायरस के बारे में माना जा रहा है कि यह वुहान के एक सीफूड बाजार से ये वायरस फैलना शुरू हुआ है। इसके बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं।