'दुनिया के सबसे तेज जूते' 250 प्रतिशत बढ़ा देंगे चलने की गति, लाखों रुपये है कीमत
क्या है खबर?
दुनियाभर के विशेषज्ञ, डॉक्टर्स, वैज्ञानिक और इंजीनियर्स हमेशा कुछ न कुछ नया कर दिखाते हैं, जिसके बारे में सुनकर हमें हैरानी होती है।
इसी कड़ी में अमेरिका के रोबोटिक्स इंजीनियरों ने दुनिया के सबसे तेज जूते 'मूनवॉकर्स' तैयार किए हैं।
यह दिखते तो स्केट्स (पहिये वाले जूते) की तरह ही हैं, लेकिन यह बैटरी से चलने वाले इलेक्ट्रिक जूते हैं।
यह आपको आसानी से सात मील प्रति घंटे की गति से चलने में मदद करते हैं।
बयान
जूते बनाने वाली कंपनी ने क्या दावा किया?
शिफ्ट रोबोटिक्स के संस्थापक और CEO जुन्जी जैंग ने कंपनी की वेबसाइट पर इलेक्ट्रिक जूतों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने लिखा, 'मूनवॉकर दुनिया के सबसे तेज जूते हैं, जो 300-वॉट मोटर और बिजली से लैस हैं। आप इसे USB-C PD चार्जर से रिचार्ज कर सकते हैं।'
कंपनी ने दावा किया कि जूतों में पहिये लगे होने के बावजूद सीढ़ियों और सड़क पर आराम से चला जा सकता है। इनमें स्केट्स की तरह बैलेंस करने की जरूरत नहीं होती है।
खासियत
इलेक्ट्रिक जूतों में हैं ये खासियतें
मूनवॉकर इलेक्ट्रिक जूतों में लगे आठ रोलरब्लेड पहियों को मोटर के जरिए शक्ति मिलती है।
पहिये लगे होने के बावजूद ये डगमगाते नहीं हैं और सिर्फ चलने की गति को तेज करते हैं। इन्हें विशेष रूप से सीढ़ियों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।
इसके अलावा इनमें लॉक और शिफ्ट मोड दिए गए हैं। लॉक मोड में इनके पहिये अपने ही स्थान में बंद हो जाते हैं, वहीं शिफ्ट मोड में वो घूमने लगते हैं।
मूल्य
1.15 लाख रुपये में बिकेंगे एक जोड़ी इलेक्ट्रिक जूते
किकस्टार्टर क्राउडफंडिंग अभियान के तहत मूनवॉकर्स जूतों की बिक्री मार्च, 2023 में 1.15 लाख रुपये के खुदरा मूल्य पर शुरू करने की योजना है।
अगर किकस्टार्टर के योगदानकर्ता पहले से ही इन जूतों को ऑर्डर करते हैं तो उन्हें कुछ छूट भी दी जाएगी।
ये इलेक्ट्रिक जूते करीब डेढ़ घंटे तक चार्ज करने पर लगभग 9.7 किलोमीटर की दूरी तय कर सकते हैं। इन्हें पहन कर आम गति से 250 प्रतिशत अधिक गति से चला जा सकता है।
पृष्ठभूमि
ऐसे आया इलेक्ट्रिक जूते बनाने का आइडिया
जुन्जी को इलेक्ट्रिक जूते बनाने का विचार तब आया जब वह अपने स्कूटर से लगभग एक मील की दूरी पर काम पर जा रहे थे।
इसी बीच उन्हें एक कार ने टक्कर मार दी, जिसके बाद उन्हें यह ख्याल आया कि वो पैदल लेकिन तेज चलकर भी ऑफिस जा सकते हैं, जो सुरक्षित भी रहेगा।
इसके बाद उन्होंने कार्नेगी मेलॉन के रोबोटिक्स संस्थान के इंजीनियर्स, रोबोटिक्स और स्नीकर डिजाइनर्स के साथ मिलकर इन इलेक्ट्रिक जूतों को बनाया।