Page Loader
महिला ने 16 घंटे तक पेड़ को गले लगाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड, बोली- इसने मुझे चुना
महिला ने पेड़ की मदद से बनाया विश्व रिकॉर्ड (प्रतीकात्मक तस्वीर)

महिला ने 16 घंटे तक पेड़ को गले लगाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड, बोली- इसने मुझे चुना

लेखन अंजली
Feb 25, 2024
05:34 pm

क्या है खबर?

युगांडा की राजधानी कंपाला में रहने वाली एक पर्यावरण कार्यकर्ता ने सबसे लंबे समय तक एक पेड़ को गले लगाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। 29 वर्षीय फेथ पेट्रीसिया एरियोकोट नामक महिल ने इस रिकॉर्ड को बनाने के लिए 16 घंटे 6 सेकंड तक पेड़ को अपने गले लगाकर रखा। गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज कराने वाली फेथ इस तरह का रिकॉर्ड बनाने वाली पहली महिला धारक है। आइए इस खबर के बारे में विस्तार से जानते हैं।

कारण

इस प्रयास के पीछे क्या था फेथ का उद्देश्य?

इस प्रयास के पीछे फेथ का उद्देश्य अन्य लोगों को पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित करने और उनकी रक्षा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। फेथ ने कहना है कि पेड़ जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लड़ाई में सबसे महान सैनिक हैं। उन्होंने आगे यह भी कहा कि इस रिकॉर्ड के प्रयास के लिए एक पेड़ का चयन करना एक दुल्हन की पोशाक चुनने जैसा रहा। हालांकि, एक पेड़ को देखते ही ऐसा लगा कि जैसे वह मेरे लिए ही है।

ब्रेक

फेथ को प्रयास के दौरान नहीं मिला थोड़ा भी आराम

फेथ का प्रयास 'सबसे लंबे मैराथन' रिकॉर्ड से थोड़ा अलग है क्योंकि उनमें प्रत्येक घंटे के बाद 5 मिनट का आराम समय जमा किया जाता है। बता दें कि रिकॉर्ड प्रयासों को 'मैराथन' तभी माना जाता है, जब उनकी लंबाई 24 घंटे से अधिक हो। इस प्रकार फेथ को किसी भी ब्रेक की अनुमति नहीं थी। उनके लिए इस प्रयास की पूरी समय अवधि तक खड़ा रहना जरूरी था।

प्रयास

अपने तीसरे प्रयास में सफल रहीं फेथ

एक महीने के अंदर यह तीसरी बार था, जब फेथ ने रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया क्योंकि उनका कैमरा पहले प्रयास को रिकॉर्ड करने में विफल रहा, जबकि तूफान आने के कारण उनका दूसरा प्रयास अधूरा रह गया। पिछली 2 असफलताओं का ध्यान करके फेथ अपने तीसरे प्रयास के बीच में ही पेड़ को छोड़ने का विचार कर रही थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और इसे पूरा कर दिखाया।

बयान

पेड़ में होती हैं भावनाएं- फेथ

फेथ ने कहा, मैं 9 घंटे के बाद हार मानना चाहती थी, लेकिन पेड़ द्वारा सांत्वना दिए जाने के बाद वह दृढ़ रहीं। उनका मानना है कि पेड़ों में भावनाएं होती हैं और वे समझ सकते हैं कि हम किस दौर से गुजर रहे हैं। इसलिए उससे उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। फेथ ने आगे कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जो भी उनके रिकॉर्ड के बारे में पढ़ेगा, वह बाहर जाकर एक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित होगा।