LOADING...
अमेरिका: व्यक्ति ने करतब दिखाते हुए मुंह से अंगूर पकड़ने का बनाया अनोखा विश्व रिकॉर्ड
अमेरिकी व्यक्ति ने बनाया अनोखा विश्व रिकॉर्ड

अमेरिका: व्यक्ति ने करतब दिखाते हुए मुंह से अंगूर पकड़ने का बनाया अनोखा विश्व रिकॉर्ड

लेखन गौसिया
Sep 26, 2023
01:21 pm

क्या है खबर?

कई लोगों ने अलग-अलग कारनामे करके अपना नाम गिनीज बुक में शामिल किया है। इसी कड़ी में अब अमेरिका के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपना ही पुराना गिनीज विश्व रिकॉर्ड तोड़कर नया रिकॉर्ड बना लिया है। इस व्यक्ति ने एक साथी के साथ मिलकर करतब दिखाते हुए 1 मिनट में 39 अंगूर मुंह में डालने का गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाया है, लेकिन उन्होंने ये अंगूर आराम से खड़े होकर या बैठकर नहीं खाए हैं।

रिकॉर्ड

डेविड ने साथी के साथ मिलकर बनाया यह अनोखा रिकॉर्ड

आयडाहो निवासी डेविड रश ने यह रिकॉर्ड अपने साथी जोनाथन हॉलीवुड हैनन के साथ मिलकर बनाया है। इस रिकॉर्ड के प्रयास के दौरान जोनाथन थोड़ी दूरी पर खड़े होकर एक-एक करके अंगूर डेविड की तरफ फेंक रहे थे, वहीं डेविड 3 गेंदों को अपने हाथों पर घुमाते हुए करतब दिखा रहे थे, साथ ही जोनाथन की तरफ से आ रहे अंगूरों को मुंह से पकड़ रहे थे। ऐसा करते हुए उन्होंने 1 मिनट में 39 अंगूर अपने मुंह से पकड़े।

बयान

खुद का ही रिकॉर्ड तोड़कर काफी खुश हैं डेविड

डेविड ने यह रिकॉर्ड पहले 35 अंगूरों पर बनाया था, लेकिन इस बार उन्होंने 39 अंगूरों के साथ यह रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा, "यह रिकॉर्ड मेरे लिए बहुत मजेदार रहा क्योंकि ऐसा पहली बार हुआ है कि मैंने अपना रिकॉर्ड बिना किसी और के तोड़े खुद ही दोबारा तोड़ दिया है।" बता दें कि डेविड के पास सिर्फ यही एक रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि उनके नाम 250 से ज्यादा गिनीज विश्व रिकॉर्ड के खिताब हैं।

Advertisement

अन्य रिकॉर्ड्स

ये रिकॉर्ड भी हैं डेविड के नाम 

डेविड के नाम कई अन्य रिकॉर्ड भी हैं। इनमें ठुड्डी पर सबसे ज्यादा समय तक गिटार टिकाना, सबसे कम समय में अधिक टी-शर्ट्स हैंगर पर लटकाना, आंखों पर पट्टी बांधकर सबसे ज्यादा गेंद पकड़ना, सिर पर सबसे ज्यादा देर तक किसी वस्तु को संतुलित रखना आदि शामिल हैं। डेविड के मुताबिक, वह उन लोगों को प्रोत्साहित करते हैं, जो अपनी असफलताओं से आगे बढ़ने और कभी हार न मानने के लिए रिकॉर्ड तोड़ने की इच्छा रखते हैं।

Advertisement

अन्य रिकॉर्ड

चीनी व्यक्ति ने करतब दिखाते हुए हल किया था रुबिक क्यूब 

इससे पहले चीन के 22 वर्षीय ली झिहाओ ने 3 रुबिक क्यूब को अपने हाथों पर घुमाते हुए उन्हें हल करने का रिकॉर्ड बनाया था। ली ने ऐसा मात्र 3 मिनट और 16 सेकंड में कर दिखाया था। ली के लिए करतब दिखाते हुए रुबिक क्यूब हल करना काफी चुनौतीपूर्ण था क्योंकि अगर 2 क्यूब एक ही समय में एक ही हाथ में आ जाते तो उनका ये प्रयास वहीं खत्म हो जाता।

Advertisement