Page Loader
अमेरिका: झरने के अंदर जलती नजर आई 'अनंत ज्वाला', घूमते हुए युवक ने ढूंढ निकाली
देखिए अनंत-काल तक जलने वाली यह प्राकृतिक ज्वाला

अमेरिका: झरने के अंदर जलती नजर आई 'अनंत ज्वाला', घूमते हुए युवक ने ढूंढ निकाली

लेखन सयाली
Feb 06, 2024
04:25 pm

क्या है खबर?

अमेरिका निवासी माइक लॉगरन ने एक हैरतअंगेज चीज खोजने का दावा किया है। दुनियाभर में स्थित 9 'अनंत ज्वालाओं' में से एक की खोज करने का दावा करने के बाद वह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुके हैं। माइक को यह ज्वाला न्यूयॉर्क के ईटरनल फ्लेम फॉल्स में मिली है, जहां एक झरने के तल पर जलती हुई नजर आ रही है और इसके आगे पानी बह रहा है। आइये इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

खोज 

यात्रा के दौरान ढूंढ निकाली लौ

माइक न्यूयॉर्क में रहते हैं। वह ईटरनल फ्लेम फॉल्स नामक स्थान पर घूमने गए थे। इसी दौरान उन्होंने अनंत ज्वालाओं में से एक को ढूंढ निकाला। बता दें कि माइक ने इस अदभुत ज्वाला को अपने कैमरे में कैद कर लिया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में यह अनंत ज्वाला अच्छी तरह से जलती हुई दिखाई दे रही है। वीडियों में वो अनंत ज्वालाओं के बारे में बात कर रहे हैं।

वीडियो

वीडियो में नजर आई हैरतअंगेज ज्वाला 

इस अदभुत खोज के वायरल वीडियो में माइक ने अनंत ज्वाला को दिखाया है। वीडियो में वह कहते हैं, "यह देखिए, यह एक अनंत ज्वाला है। पूरी धरती पर ऐसी केवल 9 ज्वालाएं हैं और यह वाली ज्वाला एक झरने के अंदर जल रही है। इसे देखिए।" उन्होंने इस शानदार प्राकृतिक अजूबे को नजदीक से दिखाया। बर्फ की चादर तले बहते हुए एक झरने के अंदर अंधेरी-सी जगह पर यह ज्वाला जल रही थी।

विवरण 

पृथ्वी पर हैं ऐसी 9 अन्य ज्वालाएं 

दरअसल, पृथ्वी पर कुछ ऐसे स्थान हैं, जहां पर कुदरती आग जलती रहती है और इन्हें किसी देखभाल या ईंधन की जरूरत नहीं होती। बताया जाता है कि धरती पर ऐसी 9 जगहें हैं। इन्हें किसी ने जलाया नहीं और ये खुद से उत्पन्न हुई आग है। माना जाता है कि इनमें से कई सैकड़ों तो कई हजारों सालों से जल रही है। न तो कोई इन्हें जलाता है और न ही कोई इन्हें बुझा रहा है।

कारण

इन लपटों के जलने का कारण 

अधिकांश अनंत लपटें प्राकृतिक रूप से जमीन से गैस के रिसाव के कारण जलती हैं। इस तरह इन्हें ईंधन मिलता रहता है और ये बिना बुझे जलती रहती हैं, वहीं कुछ कृत्रिम ज्वालाएं भी हैं। कुछ अनंत लपटों को जलाने वाले व्यक्ति को नहीं पता था कि ये आग सालों-साल जलती रहेंगी। अन्य बिजली गिरने जैसी प्राकृतिक घटना के कारण जली थीं। कुछ कृत्रिम ज्वालाएं तुर्की, भारत, इराक और नेपाल जैसे देशों में भी मौजूद हैं।

मानव निर्मित

तुर्कमेनिस्तान में है 'नरक का दरवाजा'

जब माइक ने कहा कि दुनिया भर में 9 मुख्य लपटें हैं, तब वह प्राकृतिक लपटों के बारे में बात कर रहे थे। वास्तव में और भी ऐसी ज्वालाएं हैं जो प्राकृतिक तरीकों से उत्पन्न नहीं हुईं। ये किसी की याद में जलाई जाती हैं। तुर्कमेनिस्तान में 'नर्क का दरवाजा' नामक एक बड़ा गड्ढा है, जिसमें दशकों से जल रहा है। यहां आग जलते रहने का कारण है कि इसके नीचे प्राकृतिक गैस के भंडार मौजूद हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें वीडियो