Page Loader
सालों पहले खो गई थी 400 साल पहले बनाई गई पेंटिंग, सोशल मीडिया के जरिए मिली 
सोशल मीडिया चलाते-चलाते इतिहासकार को मिल गई सालों पहले खोई हुई तस्वीर

सालों पहले खो गई थी 400 साल पहले बनाई गई पेंटिंग, सोशल मीडिया के जरिए मिली 

लेखन सयाली
Aug 04, 2024
12:25 pm

क्या है खबर?

लोग रोजाना सोशल मीडिया पर घंटों वीडियो और फोटो देखते हुए अपना समय बिताते हैं। अधिकतर लोग इसे समय की बर्बादी मानते हैं, लेकिन कई बार यह फायदेमंद भी साबित हो सकता है। दरअसल, सोशल मीडिया पर स्क्रॉल करते-करते एक कला इतिहासकार को सालों पहले खोई हुई तस्वीर मिल गई। ब्रिटेन के एडम बुसियाकिविज को एक व्यक्ति की तस्वीर के पीछे यह दुर्लभ पेंटिंग नजर आई, जिसके बाद उन्होंने इसके बारे में जानकारी एकत्रित करनी शुरू कर दी।

तस्वीर

ट्विटर पर दिखी राजा हेनरी VIII की खोई हुई तस्वीर 

एडम को अपना ट्विटर अकाउंट चलाते वक्त एक तस्वीर दिखी, जिसे देखकर वह दंग रह गए। यह तस्वीर इंग्लैंड के वार्विक स्थित शायर हॉल में खींची गई थी, जो कि वार्विकशायर काउंटी काउंसिल का मुख्य कार्यालय है। तस्वीर में दिखी पेंटिंग 'हेनरी VIII' नाम के राजा की थी, जिन्होनें 1509 से लेकर 1547 तक इंग्लैंड पर शासन किया था। यह तस्वीर टिम कॉक्स ने साझा की थी, जो वार्विक के लॉर्ड लेफ्टिनेंट हैं।

एडम

करीब 400 साल पहले बनाई गई थी यह पेंटिंग

एडम ने बताया, "टिम कॉक्स ने लोगों से भरे कमरे की तस्वीर पोस्ट की। हालांकि, मेरी दिलचस्पी केवल पीछे लगी पेंटिंग में थी।" उन्होंने कहा, "मैंने कोने में लगी उस पेंटिंग के गोल-शीर्ष वाले फ्रेम को देखा। मैं सोथबी नामक नीलामी घर में बेहद आकर्षक सेट की एक पेंटिंग पर काम कर रहा था, जिसे लगभग 400 साल पहले राल्फ शेल्डन ने बनाया था।" एडम बताते हैं कि इस सेट की सभी पेंटिंग्स अपने गोल फ्रेम के लिए प्रसिद्ध थीं।

खोज

1590 में बनाया गया था यह बेशकीमती चित्र

एडम ने यह पता लगाने के लिए गहराई से खोज की कि क्या यह वही प्राचीन चित्र है, जो 400 साल पहले बनाया गया था। ऐसा करने के लिए उन्होंने शेल्डन के चित्रों वाली पुस्तकों के माध्यम से शोध करने में लगभग एक घंटा बिताया। एडम ने बताया, "किसी को नहीं पता था कि हेनरी VIII का चित्र कब और कैसे गायब हुआ।" यह पेंटिंग 22 चित्रों में से एक थी, जिन्हें 1590 में शेल्डन ने बनाया था।

निष्कर्ष

1908 और 1951 में 2 बार बेची गई थी यह दुर्लभ तस्वीर 

एडम को खोज करके पता चला कि शायर हॉल ने इसे 1951 में मैडिंग्ले हॉल से खरीदा था। एडम ने कहा, "इसे 50 के दशक की शुरुआत में बेचा गया था और इसका अधिकांश कला संग्रह भी उसी समय बिका था।" उन्होंने आगे कहा, "पेंटिंग के पीछे एक पुराना लेबल है, जिससे मालूम होता है कि इसे 1908 में लंदन के क्रिस्टीज में भी बेचा गया था। यह कोनिंघम के मार्चियोनेस की संपत्ति थी, जो एक ब्रिटिश रईस था।"

जानकारी

22 में से कई चित्र आज भी हैं सुरक्षित

एडम अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि पेंटिंग 1781-1908 तक कहां और किसके पास थी। 22 चित्रों में से कुछ आज भी मौजूद हैं, जो लंदन की नेशनल पोर्ट्रेट गैलरी, ईटन कॉलेज और नेबवर्थ हाउस में पाए जा सकते हैं।