LOADING...
अमेरिका: बुजुर्ग ने 106 साल की उम्र में की 12वीं, पोती को दिया श्रेय
106 वर्षीय व्यक्ति ने पूरी की हाई स्कूल की पढ़ाई

अमेरिका: बुजुर्ग ने 106 साल की उम्र में की 12वीं, पोती को दिया श्रेय

लेखन अंजली
Feb 22, 2024
02:55 pm

क्या है खबर?

पढ़ने-लिखने की कोई उम्र नहीं होती है और अगर मन में इच्छा हो तो इंसान कभी भी कुछ भी कर सकता है। अमेरिका के दक्षिण कैरोलिना राज्य के 106 वर्षीय बुजुर्ग ने इस कहावत को सही साबित किया है। उन्होंने इस उम्र में 12वीं पास करके हाई स्कूल डिप्लोमा हासिल किया है। फ्रेड एलन स्मॉल्स नामक बुजुर्ग को जॉर्जटाउन हाई स्कूल में एक समारोह के दौरान डिप्लोमा से सम्मानित किया गया। इसमें 100 से अधिक लोग शामिल थे।

समारोह

फ्रेड ने अपनी पोती को दिया सफलता का श्रेय

फ्रेड अपनी सफलता का श्रेय पोती बर्डेला किन्नी को देते हैं क्योंकि उन्होंने अपने दादा के सपने को पूरा करने में उनकी मदद की। इस डिप्लोमा समारोह में जिला अधीक्षक कीथ प्राइस और जॉर्जटाउन मेयर कैरोल जेरो शामिल थे। बर्डेला ने समारोह का एक वीडियो टिक-टॉक पर भी साझा किया, जिसके कारण फ्रेड सोशल मीडिया सेलिब्रिटी बन गए हैं। इस वीडियो में फ्रेड की पंसदीदा गतिविधियों के साथ उनकी शिक्षा की यात्रा को दिखाया गया है।

पढ़ाई

घर की मजबूरियों के कारण छूटी थी फ्रेड की पढ़ाई

5 फरवरी, 1918 को जॉर्जटाउन काउंटी के प्लांटर्सविले क्षेत्र में जन्मे फ्रेड का जीवन काफी कठिनाईयों में बीता है। अपनी दादी और चाची द्वारा पाले गए फ्रेड ने 8वीं कक्षा तक तो किसी स्थानीय स्कूल से पढ़ाई कर ली थी, लेकिन अपने परिवार का समर्थन करने के लिए वे आगे की पढ़ाई नहीं कर पाए। हालांकि, बीती लगभग एक सदी में 2 विश्व युद्ध और अमेरिका के बदलते रूप के बीच भी उन्होंने पढ़ाई पूरी करने का सपना बरकरार रखा।

Advertisement

अन्य मामला

90 साल की उम्र में महिला ने हासिल की थी मास्टर डिग्री

अमेरिका की ही रहने वाली 90 वर्षीय मिन्नी पायने ने भी हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के 73 साल बाद उत्तरी टेक्सास विश्वविद्यालय (UNT) से मास्टर डिग्री हासिल की। इसके साथ ही वह UNT से ये डिग्री हासिल करने वाली सबसे उम्रदराज छात्रा बन गई थीं। स्नातक की डिग्री हासिल करने और स्वतंत्र लेखक के रूप में काम करने के बाद मिन्नी ने UNT में मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की डिग्री के लिए दाखिला लिया था।

Advertisement

अन्य मामला

92 वर्षीय बुजुर्ग महिला पढ़ने के लिए जा रही स्कूल

मिन्नी की तरह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की सलीमा खान भी समाज के लिए मिसाल बनकर उभरी हैं। उन्होंने 92 साल की उम्र अपने पोते-पोतियों के साथ स्कूल जाकर शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने अपनी जीवन में पहली बार स्कूल जाकर पढ़ाई की और अब वह अपना नाम लिखने और पढ़ने में सक्षम हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वो गिनती पढ़ती हुई नजर आ रही थीं।

Advertisement