Page Loader
पिछले 5 ओलंपिक संस्करणों में पदक तालिका में कौन से स्थान पर रहा भारत? 
पेरिस ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने जीता रजत पदक (तस्वीर:एक्स/@Neeraj_chopra1)

पिछले 5 ओलंपिक संस्करणों में पदक तालिका में कौन से स्थान पर रहा भारत? 

Aug 13, 2024
10:24 am

क्या है खबर?

हाल ही में सम्पन्न हुए पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत ने कुल 6 पदक जीते। इस बार भारत से 110 से अधिक खिलाड़ियों के दल ने पेरिस खेलों में हिस्सा लिया, लेकिन टोक्यो ओलंपिक के 7 पदकों की संख्या को पीछे छोड़ने में नाकाम रहे। इस बार भारत को किसी भी खेल में स्वर्ण पदक नहीं मिल सका। इस बीच पिछले 5 ओलंपिक संस्करणों में भारत की पदक तालिका की स्थिति पर एक नजर डालते हैं।

पेरिस ओलंपिक

पेरिस ओलंपिक में 71वें स्थान पर रहा भारत

पेरिस खेलों में मनु भाकर ने 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। इसके बाद मनु ने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर मिश्रित स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता। इनके अलावा स्वप्निल कुसाले ने पुरुषों के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में कांस्य पदक पर निशाना साधा था। कुश्ती में अमन सहरावत और भारतीय हॉकी टीम ने भी कांस्य पदक जीते और नीरज चोपड़ा ने रजत पदक अपने नाम किया। भारत ने पेरिस ओलंपिक में 71वां स्थान हासिल किया।

टोक्यो ओलंपिक

टोक्यो ओलंपिक में 48वें स्थान पर रहा भारत 

टोक्यो ओलंपिक में भारत को नीरज के स्वर्ण समेत कुल 7 पदक मिले। मीराबाई चानू ने भारोत्तोलन में और रवि दहिया ने कुश्ती में रजत पदक जीते थे। इनके अलावा मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहेन, शटलर पीवी सिंधु, कुश्ती में बजरंग पूनिया और भारतीय हॉकी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किए। टोक्यो खेलों में भारत 48वें स्थान पर रहा। अमेरिका ने सर्वाधिक 113 पदक जीतते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया था।

रियो ओलंपिक 

रियो ओलंपिक में 67वें स्थान पर रहा भारत

रियो ओलंपिक में कुश्ती में साक्षी मलिक ने 58 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक पर अपना कब्जा जमाया था। वह ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी थीं। रियो खेलों में भारत का दूसरा और अंतिम पदक शटलर सिंधु ने जीता था। उन्होंने रजत पदक जीता था। पदक तालिका में भारत 67वें स्थान पर रहा था। अमेरिका ने 46 स्वर्ण सहित कुल 121 पदक जीतते हुए पहला स्थान हासिल किया था।

लंदन ओलंपिक 

लंदन ओलंपिक में भारत ने जीते थे कुल 6 पदक

लंदन ओलंपिक 2012 में भारत की झोली में 2 रजत और 4 कांस्य पदक आए थे। निशानेबाजी में गगन नारंग ने कांस्य और विजय कुमार ने रजत जीता था। कुश्ती में सुशील कुमार और योगेश्वर दत्त ने 1-1 कांस्य पदक जीते थे। इनके अलावा बैडमिंटन में साइना नेहवाल और मुक्केबाजी में मैरी कॉम ने कांस्य हासिल किए थे। भारत इन खेलों में कुल 6 पदकों के साथ 55वें स्थान पर रहा था।

बीजिंग ओलंपिक 

बीजिंग ओलंपिक में 50वें स्थान पर रहा था भारत

बीजिंग ओलंपिक 2008 में भारत के 57 खिलाड़ियों के दल ने 12 विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया था। 2008 में अभिनव बिंद्रा ने इतिहास रचते हुए ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। वह भारत की ओर से व्यक्तिगत खेलों में स्वर्ण पाने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। इनके अलावा पहलवान सुशील और मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने कांस्य पदक जीते थे। इन खेलों में भारत पदक तालिका में 50वें स्थान पर रहा था।