Page Loader
टी-20 क्रिकेट: एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर 
निकोलस पूरन ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 क्रिकेट: एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर 

Sep 28, 2024
02:01 pm

क्या है खबर?

कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) का 28वां मुकाबला त्रिनबागो नाइट राइडर्स और बारबाडोस रॉयल्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में निकोलस पूरन ने 15 गेंद में 27 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 1 छक्का निकला। इस दौरान पूरन ने एक बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। वह टी-20 क्रिकेट के एक कैलेंडर साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। ऐसे में आइए एक कैलेंडर साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।

#1

निकोलस पूरन (2,059* रन) 

पूरन ने साल 2024 में 66 टी-20 मुकाबले खेले हैं। इसकी 65 पारियों में 16 बार नाबाद रहते हुए 2,059* रन बनाए हैं। उनकी औसत 42.02 की रही है। उनके बल्ले से 14 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 98 रन रहा है। इस साल वेस्टइंडीज के इस स्टार बल्लेबाज ने 160.85 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। उनके बल्ले से 139 चौके और 152 छक्के निकले हैं। पूरन के आंकड़े अभी और बढ़ेंगे।

#2

मोहम्मद रिजवान (2,036 रन) 

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2021 में 48 मुकाबले खेले थे, जिसकी 45 पारियों में उन्होंने 2,056 रन बनाए थे। उनकी औसत 56.55 की रही थी। रिजवान की उस साल स्ट्राइक रेट 132.03 की रही थी। उनके बल्ले से 1 शतक और 18 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103* रन रहा था। रिजवान ने पूरे साल में 196 चौके और 57 छक्के भी लगाए थे।

#3

एलेक्स हेल्स (1,946 रन)

सूची में तीसरे स्थान पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज एलेक्स हेल्स हैं। साल 2022 में इस खिलाड़ी ने 61 मुकाबले खेले थे, जिसकी 61 पारियों में 4 बार नाबाद रहते हुए 1,946 रन बनाए थे। उस साल हेल्स की औसत 34.14 की रही थी और उनके बल्ले से 17 अर्धशतक निकले थे। उन्होंने 155.68 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 91 रन रहा था। उनके बल्ले से 218 चौके और 80 छक्के निकले थे।

#4

जोस बटलर (1,833 रन) 

इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। साल 2023 में इस खिलाड़ी ने 56 मुकाबले खेले थे, जिसकी 55 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 1,833 रन बनाए थे। बटलर की स्ट्राइक रेट 141.65 की और औसत 35.25 की रही थी। उस साल उनके बल्ले से 17 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 95 रन रहा था। उन्होंने पूरी साल में 165 चौके और 77 छक्के भी जड़े थे।