Page Loader
श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड: रचिन रविंद्र अपने टेस्ट करियर के दूसरे शतक से चूके, जानिए उनके आंकड़े
रचिन रविंद्र ने श्रीलंका के खिलाफ बनाया अपना सर्वोच्च स्कोर (तस्वीर: एक्स/@BLACKCAPS)

श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड: रचिन रविंद्र अपने टेस्ट करियर के दूसरे शतक से चूके, जानिए उनके आंकड़े

Sep 23, 2024
10:35 am

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज रचिन रविंद्र ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 92 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। वह अपने टेस्ट करियर के सिर्फ दूसरे और श्रीलंका के खिलाफ पहले शतक से चूक गए। उनकी इस संघर्षपूर्ण पारी के बावजूद कीवी टीम को इस मैच में 63 रन से हार का सामना करना पड़ा। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही रविंद्र की पारी 

न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में 51 रन के स्कोर पर जब अपना दूसरा विकेट खोया, तब रचिन रविंद्र क्रीज पर आए। उन्होंने टॉम ब्लंडेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की। कीवी टीम ने एक छोर से लगातार विकेट गंवाए, लेकिन दूसरे छोर से रविंद्र ने निरंतर रन बटोरे। वह मैच के पांचवें दिन के पहले सत्र के दौरान 92 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने पारी में 9 चौके और 1 छक्का लगाया।

करियर 

रविंद्र के बल्लेबाजी करियर पर एक नजर

बाएं हाथ के बल्लेबाज रविंद्र ने 2021 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 8 टेस्ट की 16 पारियों में 43.33 की औसत के साथ 650 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं। श्रीलंका के विरुद्ध वह पहली बार कोई टेस्ट खेल रहे हैं, जिसमें उन्होंने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपना इकलौता शतक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगाया था।

जानकारी

गेंदबाजी में रविंद्र ने लिए हैं 10 विकेट 

बाएं हाथ के स्पिनर रविंद्र अब तक गेंदबाजी में प्रभाव नहीं छोड़ सके हैं। उन्होंने 13 पारियों में 35.40 की औसत के साथ 10 विकेट लिए हैं। इस बीच 4/83 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

लेखा-जोखा 

रोचक मुकाबले में जीती श्रीलंकाई टीम

श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में कामिंदु मेंडिस के शतक (114) की मदद से 305 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने 340 रन बनाते हुए बढ़त हासिल की। मेहमान टीम से टॉम लैथम ने सर्वाधिक 70 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम ने दूसरी पारी में 309 रन बनाए और जीत के लिए 275 रन का लक्ष्य दिया। रविंद्र की पारी (92) के बावजूद चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम 211 रन पर सिमट गई।