
रोहित-राहुल के शतक की बदौलत भारत ने श्रीलंका को हराया, जानें मैच में बने रिकॉर्ड
क्या है खबर?
विश्व कप 2019 के अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हरा दिया है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने एंजेलो मैथ्यूज (113) की बदौलत 264 रनों का स्कोर खड़ा किया था।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने रोहित शर्मा (103) और केएल राहुल (111) के शतकों की बदौलत आराम से मुकाबला जीत लिया।
जाने मैच में बने और टूटे रिकॉर्ड्स के बारे में।
एंजेलो मैथ्यूज
विश्व कप में भारत के खिलाफ शतक लगाने वाले दूसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज बने मैथ्यूज
एंजेलो मैथ्यूज ने 128 गेंदों में 113 रनों की पारी खेली और वनडे में अपना तीसरा शतक पूरा किया।
2011 में महेला जयवर्धने के बाद विश्व कप में भारत के खिलाफ शतक लगाने वाले वह दूसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज बन गए हैं।
1996 में अर्जुन रणतुंगा और हसन तिलकरत्ने के बाद मैथ्यूज और लहिरू थिरिमाने भारत के खिलाफ विश्व कप में 100 से ज़्यादा रनों की साझेदारी करने वाली जोड़ी बन गए हैं।
जानकारी
बुमराह ने पूरे किए वनडे में 100 विकेट
जसप्रीत बुमराह ने श्रीलंका के खिलाफ 37 रन देकर 3 विकेट हासिल किया और वनडे में अपने 100 विकेट पूरे किए। बुमराह (102) ने सौरव गांगुली (100) को विकेटों के मामले में पीछे छोड़ दिया है।
रोहित शर्मा
एक विश्व कप में 5 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने रोहित
रोहित शर्मा ने 94 गेंदों में 103 रनों की पारी खेली और विश्व कप 2019 में अपना पांचवां शतक पूरा किया।
इसके साथ ही वह एक विश्व कप में 5 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
कुमार संगाकारा ने 2015 में चार शतक लगाए थे। इसके अलावा रोहित विश्व कप में सबसे तेज छह शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
रोहित ने मात्र 16 पारियों में यह कीर्तिमान हासिल किया है।
जानकारी
धोनी ने गिलक्रिस्ट को छोड़ा पीछे
धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ तीन कैच पकड़ने के अलावा एक स्टंपिंग भी की। विश्व कप इतिहास में उनके नाम 41 शिकार दर्ज हो गए हैं। स्टंपिंग के मामले में उन्होंने गिलक्रिस्ट (8) को पीछे छोड़ दिया है।
विश्व कप
विश्व कप में स्कोर का पीछा करते हुए तीन शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने रोहित
इस विश्व कप में स्कोर का पीछा करते हुए यह रोहित का तीसरा शतक था और ऐसा करने वाले वह पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
इसके अलावा एक विश्व कप में 6 बार 50 से ज़्यादा का स्कोर बनाने वाले वह तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
एक विश्व कप में 600 से ज़्यादा रन बनाने वाले सचिन, मैथ्यू हेडन और शाकिब अल हसन के बाद रोहित चौथे बल्लेबाज बन गए हैं।
जानकारी
विश्व कप में तीसरे सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने मलिंगा
लसिथ मलिंगा ने विश्व कप के अपने आखिरी मैच में एक विकेट हासिल किया और वसीम अकरम (55) को पीछे छोड़कर विश्व कप में तीसरे सबसे ज़्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन गए।
ओपनिंग
विश्व कप के एक मैच में शतक लगाने वाली तीसरी ओपनिंग जोड़ी बने राहुल-रोहित
केएल राहुल और रोहित शर्मा दोनों ने शतक लगाए और विश्व कप इतिहास में ऐसा केवल तीसरी बार हुआ कि एक ही मैच में दोनों ओपनर बल्लेबाजों ने शतक लगाए।
इससे पहले तिलकरत्ने दिलशान और उपुल थरंगा ने 2011 में जिम्बाब्वे और इंग्लैंड के खिलाफ दो बार यह कारनामा किया था।
राहुल और रोहित के बीच हुए 189 रनों की साझेदारी भारत के लिए विश्व कप में पहले विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी हो गई है।
जानकारी
कोहली ने छोड़ा गांगुली को पीछे
विराट कोहली विश्व कप में 1,000 रन पूरे करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। वह सौरव गांगुली (1,006) को पछाड़कर विश्व कप में भारत के लिए दूसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह मिली भारत को जीत
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने एंजेलो मैथ्यूज (113) की बदौलत 264 रनों का स्कोर खड़ा किया था।
जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज़्यादा तीन विकेट हासिल किए।
265 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी भारत के लिए रोहित और राहुल ने पहले विकेट के लिए 189 रनों की पारी खेली।
रोहित ने 103 और राहुल ने 111 रनों की पारी खेली और भारत को आराम से जीत दिला दी।