सालों किया डेब्यू का इंतजार फिर पहली गेंद पर मारा छक्का, जानिए कौन हैं सिद्धेश लाड

IPL 2019 के 24वें मुकाबले में बुधवार को मुंबई इंडियंस ने किंग्स इलेवन पंजाब को हरा दिया। मुंबई के लिए इस मैच में रोहित शर्मा की जगह कीरन पोलार्ड ने कप्तानी की। रोहित इंजरी के कारण इस मैच का हिस्सा नहीं थे। उनकी जगह लोकल ब्वॉय सिद्धेश लाड को डेब्यू करने का मौका मिला। रोहित ने खुद सिद्धेश लाड को मुंबई इंडियंस की कैप सौंपी। आइए जानते हैं कि कौन हैं सिद्धेश लाड और कैसा रहा उनका डेब्यू मैच।
23 मई, 1992 को मुंबई में जन्मे 26 वर्षीय सिद्धेश लाड की कहानी बेहद दिलचस्प और अनोखी है। दरअसल, सिद्धेश को मुंबई इंडियंस ने IPL 2015 की नीलामी में हार्दिक पंड्या के साथ खरीदा था, लेकिन सिद्धेश को डेब्यू करने का मौका 1,514 दिन बाद मिला। सिद्धेश ऑफ ब्रेक गेंदबाज़ी भी करते हैं। 2017-18 रणजी ट्राफी में सिद्धेश ने मुंबई के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाए थे। 33 टी-20 मैचों में सिद्धेश के नाम 573 रन और 13 विकेट हैं।
सिद्धेश लाड IPL के अपने पहले मैच में ओपनिंग करने उतरे और पहली ही गेंद पर उन्होंने छक्का जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने दूसरी गेंद पर चौका भी जड़ा। लेकिन मात्र 15 रनों के निजी स्कोर पर वह शमी की गेंद पर आउट हो गए।
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा से सिद्धेश लाड का एक खास रिश्ता है। दरअसल, सिद्धेश लाड के पिता दिनेश लाड, रोहित शर्मा के कोच रह चुके हैं। साथ ही सिद्धेश लाड, कप्तान रोहित शर्मा के खास दोस्त भी हैं। पिता दिनेश ही सिद्धेश लाड के क्रिकेट कोच हैं। सिद्धेश मुंबई के लिए 49 प्रथम श्रेणी मैचों में 43.27 की औसत से 3,592 रन बना चुके हैं। जिसमें 8 शतक और 22 अर्धशतक शामिल हैं।
गौरतलब है कि सिद्धेश लाड को रोहित शर्मा की गैर-मौजूदगी में टीम में शामिल किया गया। ऐसे में सवाल यह है कि क्या अगले मैच में जब रोहित की वापसी होगी तो सिद्धेश लाड को मौका मिलेगा या नहीं।
पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल के बेहतरीन शतक और क्रिस गेल की 63 रनों की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवरों में 197 रन बनाएं थे। जिसके जवाब में मुंबई की शुरूआत अच्छी नहीं रही थी, लोकिन कप्तान पोलार्ड ने 31 गेंदो में 83 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। अपनी अर्धशतकीय पारी में पोलार्ड ने 10 छक्के और 3 चौके लगाए और अकेले दम पर टीम को जीत दिला दी।