
शुभमन गिल ने रचा इतिहास, इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बनें
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में दोहरा शतक लगाया। यह उनके टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक है। वह इंग्लैंड में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय कप्तान बने हैं। उनकी इस पारी की मदद से भारत ने अपनी पहली पारी में 450+ रन बनाए हैं। आइए गिल की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही गिल की पारी
भारत ने जब 95 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब गिल क्रीज पर उतरे। उन्होंने एक छोर से डटकर बल्लेबाजी की और पहले दिन के खेल की समाप्ति तक नाबाद 114 रन बनाए। इसके बाद दूसरे दिन के दूसरे सत्र के दौरान उन्होंने 311 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर 200+ रन की साझेदारी भी निभाई।
जानकारी
इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय
गिल अब इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले सुनील गावस्कर (221 रन, 1979) और राहुल द्रविड़ (202 रन, 2002) ऐसा कर चुके हैं। गिल इंग्लैंड में सर्वोच्च पारी खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी भी बने हैं।
SENA
SENA देशों में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय कप्तान
गिल SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बने हैं। इससे पहले SENA देशों में सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान का रिकॉर्ड अजहरुद्दीन के नाम पर था। उन्होंने 1990 में ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ 192 रन की पारी खेली थी। इस सूची में तीसरे पायदान पर भी अजहरुद्दीन हैं, जिन्होंने 1990 में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ 179 रन बनाए थे।
जानकारी
दोहरा शतक जड़ने वाले दूसरे युवा भारतीय कप्तान
25 वर्षीय गिल टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय कप्तान बने हैं। उनसे आगे इस सूची में एमएके पटौदी हैं, जिन्होंने 23 साल की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ 1964 में दोहरा शतक जड़ा था।
साझेदारी
गिल ने जडेजा के साथ साझेदारी में बनाया ये रिकॉर्ड
गिल ने जडेजा (89) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 203 रन की साझेदारी की। यह इंग्लैंड की धरती पर छठे विकेट लिए भारत की ओर से तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। बता दें कि इंग्लैंड में छठे विकेट की सर्वोच्च साझेदारी का रिकॉर्ड ऋषभ पंत और जडेजा के नाम दर्ज है। इस जोड़ी ने 2022 में एजबेस्टन में 222 रन जोड़े थे। इस सूची में दूसरी जोड़ी केएल राहुल और पंत (204 रन, 2018) की है।
एशिया
एशिया से बाहर एक सीरीज में 2 शतक लगाने वाले भारतीय कप्तान
गिल उन चुनिंदा भारतीय कप्तानों में शुमार हुए, जिन्होंने एशिया से बाहर किसी एक सीरीज में 1 से अधिक शतक लगाए हैं। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 1990 में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की 5 पारियों में 85.20 की औसत के साथ 426 रन बनाए थे। उन्होंने उस सीरीज में 2 शतक और 1 अर्धशतक भी लगाए थे। कोहली 2 बार (ऑस्ट्रेलिया में, 2014-15 और इंग्लैंड में, 2018) में ऐसा कर चुके हैं।
रिकॉर्ड्स
गिल ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स
गिल उन भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शामिल हुए, जिन्होंने शुरुआती 2 मैचों में कप्तानी करते हुए शतक लगाए थे। उनसे पहले विजय हजारे (1951), कोहली और गावस्कर ऐसा कारनामा कर चुके हैं। गिल अब इंग्लैंड की धरती पर एक टेस्ट सीरीज में 1 से अधिक शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बने हैं। मोहम्मद अजहरुद्दीन 1990 में और कोहली 2018 में ऐसा कर चुके हैं।