Page Loader
कोरोना वायरस: रद्द होने की कगार पर है IPL 2020, अगले साल नहीं होगी नीलामी

कोरोना वायरस: रद्द होने की कगार पर है IPL 2020, अगले साल नहीं होगी नीलामी

लेखन Neeraj Pandey
Mar 30, 2020
12:02 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस का प्रभाव भारत और पूरे विश्व में लगातार बढ़ता ही जा रहा है और इसी के कारण भारत में 21 दिनों का लॉकडाउन लगाया गया है। बोर्ड ऑफ क्रिकेट कंट्रोल इन इंडिया (BCCI) ने 13 मार्च को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को 15 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया था। हालांकि, ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो IPL इस साल नहीं होगा और इसके अलावा अगले साल की नीलामी भी प्रभावित होगी।

IPL 2020

अगले साल खेले जा सकता है यही सीजन- सूत्र

IPL के करीबी सूत्र ने बताया कि केवल 2020 IPL को ही रद्द नहीं किया जा रहा है बल्कि अगले साल होने वाली नीलामी भी नहीं हो सकेगी। सूत्र ने कहा, "इस साल IPL नहीं होगा। अब यह अगले साल होगा। देश के हालात इतने खराब हैं तो कोई खतरा नहीं लेना चाहेगा। सरकार से जानकारी पाने के बाद हम फ्रेंचाइजियों को बताएंगे। हो सकता है कि यही सीजन अगले साल खेला जाएगा।"

रिपोर्ट्स

पिछली कुछ रिपोर्ट्स ने भी दिए थे यही संकेत

DDCA के एक ऑफिशियल ने हाल ही में कहा था कि IPL की तैयारियों से संबंधित किसी भी काम को 15 अप्रैल तक नहीं कराने के आदेश मिले थे। इसके अलावा एक फ्रेंचाइजी ऑफिशियल ने भी कहा था कि इस साल IPL का आयोजन करा पाना बेहद मुश्किल लग रहा है। BCCI ने भी फ्रेंचाइजी मालिकों के साथ होने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को रद्द कर दिया था जिसके बाद इन अटकलों को बल मिला था।

कोरोना का प्रभाव

इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स हुए रद्द, IPL का भी हो सकता है वही अंजाम

कोरोना वायरस के चलते ओलंपिक 2020 को एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा कोपा अमेरिका और यूरो को भी 1-1 साल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इतने बड़े इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स को स्थगित कर दिया गया है तो फिर IPL को रद्द करना कोई बड़ी बात नहीं होनी चाहिए। भारत ने पहले ही 15 अप्रैल तक विदेशी वीजा को निलंबित कर रखा है।

BCCI

फिलहाल BCCI नहीं खोल रही है अपने पत्ते

BCCI ने IPL को आगे बढ़ाते समय कहा था कि फिलहाल वे सावधानी के तौर पर ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि 15 अप्रैल तक इसे आगे बढ़ाने के बाद वे हालात को देखेंगे और आगे फैसला लेंगे। बीच में ऐसी भी रिपोर्ट्स आई थीं कि यदि मई के पहले हफ्ते में भी IPL शुरु हुआ तो BCCI पूरा सीजन आयोजित कर सकती है।

जानकारी

देश में 1,000 पार पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या

भारत में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 1,071 हो चुकी है। इनमें से 99 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 29 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। देश में महाराष्ट्र (193) और केरला (194) सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्य हैं।