मनीष सिसोदिया का बड़ा बयान, कोरोना वायरस के कारण दिल्ली में नहीं होंगे IPL मैच
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें संस्करण के आयोजन को लेकर कल IPL गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग होनी है। बोर्ड ऑफ क्रिकेट कंट्रोल इन इंडिया (BCCI) को लगातार सरकार द्वारा यह संकेत दिए जा रहे हैं कि वे मुकाबलों का आयोजन दर्शकों के बिना ही कराएं। इसी बीच दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि वह दिल्ली में IPL या किसी अन्य इवेंट, जिसमें ज़्यादा लोग आएं, का आयोजन नहीं होने देंगे।
IPL और अन्य इवेंटस पर लगाएंगे बैन- सिसोदिया
दिल्ली सरकार के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि उन्होंने किसी भी ऐसे खेल इवेंट जिसमें ज़्यादा लोग इकट्ठा होते हैं के आयोजन पर बैन लगाने का निर्णय लिया है। सिसोदिया ने इस बात को IPL का उदाहरण देते हुए कहा।
15 अप्रैल तक IPL में हिस्सा नहीं ले सकेंगे विदेशी खिलाड़ी
भारत सरकार ने 15 अप्रैल तक के लिए वीजा निलंबित कर दिए हैं और ऐसे में विदेशी खिलाड़ी भारत नहीं आ सकेंगे। BCCI के एक सूत्र ने बताया था कि विदेशी खिलाड़ी बिजनेस वीजा कैटेगिरी में आते हैं सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बाद उन्हें वीजा नहीं मिल सकेगा। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर का वीजा आवेदन निरस्त कर दिया गया था, लेकिन बाद में इसका कारण तकनीकी खराबी बताया गया था।
भारत में क्रिकेट पर इस तरह पड़ा है कोरोना का प्रभाव
मुंबई में खेली जा रही पांच देशों के संन्यास ले चुके क्रिकेटर्स के बीच रोड वर्ल्ड सेफ्टी सीरीज़ को स्थगित कर दिया गया है। पहले इस टूर्नामेंट के पुणे में होने वाले मैचों को मुंबई में ही शिफ्ट किया गया था और फिर इसे खाली स्टेडियम में खेले जाने की भी बात कही गई थी। इसके अलावा भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लखनऊ और कोलकाता में होने वाले वनडे मैचों को भी खाली स्टेडियम में खेला जाएगा।
मुंबई में IPL के टिकटों की बिक्री पर लगी है रोक
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे पहले ही कह चुके हैं कि इन हालातों में IPL का आयोजन कराया जाना उचित नहीं होगा। उन्होंने IPL को रद्द करने या फिर इसे खाली स्टेडियम में खेले जाने का सुझाव दिया था। इसी बीच मुंबई में IPL मैचों के टिकटों की बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है। कर्नाटक सरकार ने भी केंद्र सरकार को पत्र लिखकर IPL के मैचों को होस्ट नहीं करने की इच्छा जताई है।
दिल्ली कैपिटल्स को दिल्ली में खेलने थे ये मुकाबले
30 मार्च: दिल्ली कैपिटल्स बनाम किंग्स इलेवन पंजाब (रात 08:00 बजे)। 10 अप्रैल: दिल्ली कैपिटल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (रात 08:00 बजे)। 13 अप्रैल: दिल्ली कैपिटल्स बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स (रात 08:00 बजे)। 19 अप्रैल: दिल्ली कैपिटल्स बनाम कोलकाता नाइटराइडर्स (शाम 04:00 बजे)। 03 मई: दिल्ली कैपिटल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (रात 08:00 बजे)। 06 मई: दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस (रात 08:00 बजे)। 13 मई: दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स (रात 08:00 बजे।
दिल्ली में 31 मार्च तक बंद रहेंगे सिनेमाघर, स्कूल और कॉलेज
भारत में कोरोना वायरस के 70 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। इसी कारण दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीते गुरुवार को घोषणा की थी कि दिल्ली के सभी स्कूल-कॉलेज और सिनेमाघर 31 मार्च तक बंद रहेंगे। केरल में भी राज्य के सभी सिनेमाघरों और स्कूल-कॉलेज को 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि कोई भी केंद्रीय मंत्री विदेश यात्रा पर नहीं जाएगा।