Page Loader
भारतीय महिला बल्लेबाजों द्वारा वनडे प्रारूप में लगाए गए सबसे तेज शतक 
हरमनप्रीत ने इंग्लैंड के खिलाफ जड़ा तेज शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCIWomen)

भारतीय महिला बल्लेबाजों द्वारा वनडे प्रारूप में लगाए गए सबसे तेज शतक 

Jul 23, 2025
05:00 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के तीसरे वनडे में तेज शतक (102) लगाया। चेस्टर ली स्ट्रीट में खेले गए मैच में उनकी पारी की मदद से भारत ने तीसरे वनडे को जीता और सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया। भारतीय कप्तान ने अपने चिर-परिचित अंदाज में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। इस बीच महिला टीम में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

स्मृति मंधाना (70 गेंद बनाम आयरलैंड, 2025)

स्मृति मंधाना वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाली महिला बल्लेबाज हैं। उन्होंने 70 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया था। मंधाना ने 80 गेंदों का सामना किया और 135 रन बनाए थे। अपनी शतकीय पारी में उन्होंने 12 चौके और 7 छक्के लगाए थे। उनके शतक की बदौलत भारत ने 435/5 का स्कोर बनाया था और आखिरकार मुकाबले में 304 से जीत दर्ज की थी।

#2 

हरमनप्रीत कौर (82 गेंद बनाम इंग्लैंड, 2025)

हरमनप्रीत ने इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआत में कुछ संभलकर बल्लेबाजी की और 54 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। क्रीज पर टिक जाने के बाद भारतीय कप्तान ने इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 82 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 102 रन बनाकर आउट हुई। उनकी बदौलत भारत ने 318/5 का स्कोर बनाया और इंग्लिश टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 305 रन ही बना सकी।

#3 

हरमनप्रीत कौर (87 गेंद बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2024)

हरमनप्रीत इस सूची में तीसरे स्थान पर भी मौजूद हैं। उन्होंने 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 87 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था। चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए मुकाबले में उन्होंने 88 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 103 रन बनाए थे। उनके शतक की बदौलत मेजबान टीम ने पहले खेलते हुए 325/3 का स्कोर बनाया था। जवाब में प्रोटियाज टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 321/6 का स्कोर ही बना सकी थी।

#4 

जेमिमा रोड्रिगेज (89 गेंद बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2025)

जेमिमा रोड्रिगेज ने त्रिकोणीय सीरीज 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में 89 गेंदों में शतक जड़ा था। दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने कोलंबो में खेले गए मुकाबले में 101 गेंदों में 123 रन बनाए थे। भारत ने उस मुकाबले में निर्धारित 50 ओवर के बाद 337/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में प्रोटियाज टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 314/7 का स्कोर ही बना सकी थी और भारत ने 23 रन से मुकाबला जीता था।