
टी-20 क्रिकेट: वेस्टइंडीज के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा रन
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच 21 जुलाई से 5 मैचों की टी-20 सीरीज शुरू होने जा रही है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली गई थी। इसे कंगारू टीम ने 3-0 से जीता था। आगामी टी-20 सीरीज विश्व कप 2026 की तैयारी को देखते हुए काफी अहम मानी जा रही है। ऐसे में आइए वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर एक नजर डालते हैं।
#1
डेविड वार्नर (662 रन)
पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज डेविड वार्नर हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टी-20 मुकाबला साल 2009 में खेला था। आखिरी बार वह इस टीम के खिलाफ 2024 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 15 मैचों की 15 पारियों में 47.28 की औसत और 160.67 की शानदार स्ट्राइक रेट के साथ 662 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89* रन रहा था।
#2
मिचेल मार्श (337 रन)
इस सूची में दूसरे स्थान पर कंगारू टीम के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी मिचेल मार्श हैं। उन्होंने 2021 में पहली बार वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। मार्श ने 10 मैचों की 10 पारियों में 33.70 की औसत और 155.29 की स्ट्राइक रेट से 337 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 4 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 75 रन रहा है। मार्श इस टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान भी हैं।
#3
शेन वॉटसन (240 रन)
शेन वॉटसन इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। इस पूर्व स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2008 में खेला था। आखिरी बार वह 2014 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 10 मैच की 10 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 34.28 की औसत से 240 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 147.23 की रही थी। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 69 रन रहा था।
#4
आरोन फिंच (229 रन)
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और शानदार सलामी बल्लेबाज रहे आरोन फिंच इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2013 में खेला था। आखिरी बार वह 2022 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 10 मैच की 10 पारियों में 22.90 की औसत से 229 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 112.25 की रही थी। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 58 रन रहा था।