Page Loader
भारतीय महिला टीम ने पहली बार वनडे में बनाए 400 रन, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम 
भारतीय बल्लेबाजों ने इतिहास रच दिया है (तस्वीर: एक्स/@BCCIWomen)

भारतीय महिला टीम ने पहली बार वनडे में बनाए 400 रन, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम 

Jan 15, 2025
02:40 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आयरलैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे वनडे में पहले बल्लेबाजी करते हुए 435/5 का स्कोर बनाया। उनका वनडे क्रिकेट में यह सर्वोच्च स्कोर है। पहली बार उसने वनडे के इतिहास में 400 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। भारत से स्मृति मंधाना (135) और प्रतिका रावल (154) ने शानदार शतकीय पारी खेली। इसके अलावा ऋचा घोष (59) के बल्ले से अर्धशतक निकला। ये वनडे क्रिकेट में चौथा सबसे बड़ा स्कोर भी है।

इतिहास

पिछले मैच का रिकॉर्ड टूटा 

महिला क्रिकेट के इतिहास में सिर्फ छठा मौका है जब 400 या उससे ज्यादा का स्कोर बना है। इससे पहले भारतीय टीम का पिछला सर्वोच्च स्कोर 370 रन था, जो आयरलैंड के खिलाफ पिछले वनडे मैच में ही आया था। वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम के नाम है। उन्होंने साल 2018 में आयरलैंड के ही खिलाफ 491/4 का स्कोर बनाया था। न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ 1997 में 455 रन भी बनाए थे।

शतक

प्रतिका ने वनडे करियर का पहला शतक लगाया

प्रतिका ने 129 गेंदों का सामना किया और 154 रन बनाए। उनके बल्ले से 20 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 119.38 की रही। उन्होंने 100 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का पहला शतक रहा। रावल ने आयरलैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज के अपनी शुरुआती 2 पारियों में 89 और 67 रन के स्कोर किए थे। मंधाना (135) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए प्रतिका ने 233 रन की साझेदारी निभाई।

जानकारी

तीसरी बार दोनों भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने लगाए शतक 

महिला वनडे में दोनों भारतीय सलामी बल्लेबाजों द्वारा शतक बनाने का यह तीसरा मौका है। इससे पहले 1999 में रेशमा गांधी और मिताली राज ने और 2017 में दीप्ति शर्मा और पूनम राउत ने शतक लगाए थे। तीनों ही शतक आयरलैंड के खिलाफ आए हैं।

रिकॉर्ड्स

रावल ने मंधाना के साथ मिलकर बनाए ये रिकॉर्ड्स 

रावल ने मंधाना के साथ मिलकर लगातार दूसरे वनडे मैच में 150 से अधिक रन की साझेदारी की है। यह जोड़ी अब लगातार 2 वनडे में 150+ रन की साझेदारी करने वाली भारत की पहली और विश्व की चौथी जोड़ी बनी है। रावल-मंधाना की जोड़ी ने 160 गेंदों पर 233 रन की साझेदारी की। यह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के इतिहास में भारत की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है।

कप्तान

वनडे में 10 शतक जड़ने वाली पहली भारतीय महिला बनीं मंधाना 

मंधाना ने अपने वनडे करियर का 10वां शतक लगाया। वह 80 गेंदों में 135 रन की पारी खेलकर आउट हुई। उनके बल्ले से 12 चौके और 7 छक्के निकले। मंधाना के अलावा वनडे के इतिहास में 10 या उससे ज्यादा शतक सिर्फ मेग लैनिंग (15), सूजी बेट्स (13) और टैमी ब्यूमोंट (10) ने लगाए हैं। भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर मिताली हैं। इस पूर्व खिलाड़ी ने 7 शतक लगाए थे।

तेज

मंधाना ने जड़ा सबसे तेज शतक 

मंधाना वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाली बल्लेबाज भी बनी। उन्होंने 70 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। इस खिलाड़ी ने हरमनप्रीत का रिकॉर्ड तोड़ा है। उन्होंने साल 2024 में दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 87 गेंदों में शतक जड़ दिया था। हरमनप्रीत ने साल 2017 में 90 गेंदों में शतक पूरा किया था। जेमिमा रोड्रिगेज ने इसी सीरीज में ही 90 गेंदों में शतक लगाया था।