LOADING...
चेतन शर्मा फिर बने मुख्य चयनकर्ता, BCCI ने किया नई समिति का आधिकारिक ऐलान
चेतन शर्मा फिर बने मुख्य चयनकर्ता (तस्वीर: ट्विटर/@chetans1987)

चेतन शर्मा फिर बने मुख्य चयनकर्ता, BCCI ने किया नई समिति का आधिकारिक ऐलान

Jan 07, 2023
05:52 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने चेतन शर्मा को फिर से मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया है। बोर्ड ने बीते 18 नवंबर, 2022 को पूरी चयन समिति को बर्खास्त कर दिया था और शनिवार (7 जनवरी, 2023) को अब नई चयन समिति की घोषणा की है। BCCI ने शिव सुंदर दास, सुब्रतो बनर्जी, सलिल अंकोला और श्रीधरन शरथ के रूप में अन्य चयनकर्ताओं ने नाम पर मुहर लगाई है। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

BCCI ने क्या जारी किया है बयान?

BCCI ने अपने बयान में कहा, "सुश्री सुलक्षणा नाइक, श्री अशोक मल्होत्रा, और श्री जतिन परांजपे की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने चयन समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए एक व्यापक प्रक्रिया अपनाई। उचित विचार-विमर्श करने के बाद CAC ने व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए 11 नामों को शॉर्टलिस्ट किया था। साक्षात्कार के आधार पर समिति ने वरिष्ठ पुरुषों की राष्ट्रीय चयन समिति के लिए उक्त उम्मीदवारों की सिफारिश की है।"

कारण

क्यों बर्खास्त हुई थी चयन समिति?

इससे पहले चेतन को दिसंबर 2020 में नियुक्त किया गया था। तब उन्होंने सुनील जोशी की जगह ली थी। उनका पहला कार्यकाल कई तरह के विवादों से नाता रहा था। बेमेल टीम चयन के चलते वे सवालों के घेरे में आ गए थे। चयन समिति ने एक के बाद एक कई खिलाड़ियों की टीम का कप्तान बना दिया, जिससे उनकी काफी आलोचना भी हुई थी। टी-20 विश्व कप 2022 के बाद BCCI ने पूरी समिति को बर्खास्त कर दिया था।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है चयनकर्ताओं का क्रिकेटिंग करियर?

नव नियुक्त उम्मीदवारों में अंकोला 2020 से मुंबई के चयन पैनल के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। एस शरथ 17 सितंबर, 2021 से जूनियर राष्ट्रीय चयन समिति के अध्यक्ष हैं। अंकोला भारत के लिए एक टेस्ट और 20 वनडे खेल चुके हैं, जबकि शरथ को 183 फर्स्ट क्लास मैच खेलने का अनुभव है। पूर्व सलामी बल्लेबाज दास 23 टेस्ट और चार वनडे में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। बनर्जी एक टेस्ट और छह वनडे खेल चुके हैं।

Advertisement

जानकारी

चेतन ने भारत से खेले हैं 23 टेस्ट

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज चेतन शर्मा ने 23 टेस्ट में 61 विकेट और 65 वनडे में 67 विकेट लिए थे। साल 1983 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले चेतन ने 1994 में अपना आखिरी वनडे खेला था।

जानकारी

वेंकटेश प्रसाद और मनिंदर सिंह ने भी किए थे आवेदन

चयनकर्ताओं के लिए 600 से ज्यादा उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दर्ज कराए थे। दिलचस्प यह था कि इन संबंधित पदों के लिए कई फर्जी आवेदन सामने आए थे। इसके बाद CAC ने योग्य उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया और पूरी चयन प्रक्रिया के बाद अंतिम फैसला लिया। वेंकटेश प्रसाद, मनिंदर सिंह, मुकुंद परमार, नयन मोंगिया और समीर दिघे अन्य उल्लेखनीय नाम थे, जिन्होंने पांच पदों के लिए आवेदन किया था।

Advertisement