Page Loader
चेतन शर्मा फिर बन सकते हैं भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता- रिपोर्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चेतन शर्मा मुख्य चयनकर्ता बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं (फोटो: ट्विटर/@BCCI)

चेतन शर्मा फिर बन सकते हैं भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता- रिपोर्ट

Jan 03, 2023
02:19 pm

क्या है खबर?

पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा के भारतीय क्रिकेट टीम (पुरुष) के मुख्य चयनकर्ता के रूप में बने रहने की संभावना है। हाल ही में चेतन की अगुवाई वाली पूरी सीनियर चयन समिति को बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद BCCI ने चयन समिति सदस्यों के लिए आवेदन मांगे थे। इसी कड़ी में चेतन ने फिर से आवेदन किया था। अब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वे फिर से मुख्य चयनकर्ता बन सकते हैं।

CAC

CAC के हाथ में चेतन की किस्मत

क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) मंगलवार से 12 शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के साक्षात्कार लेगी। तीन सदस्यीय CAC में अशोक मल्होत्रा, जतिन परांजपे और सुलक्षणा नाइक शामिल हैं। सेंट्रल जोन से हरविंदर सिंह के अपना पद बरकरार रखने की संभावना है। पूर्व क्षेत्र से शिव सुंदर दास और दक्षिण क्षेत्र से श्रीधरन शरथ को पैनल में नियुक्त किए जाने की संभावना है। वेस्ट जोन से सलिल अंकोला और कॉनर विलियम्स को पांचवें चयनकर्ता के रूप में चुना जा सकता है।

साक्षात्कार

ये लोग भी रेस में

चयनकर्ता पद के लिए आवेदन करने वालों में हाई-प्रोफाइल नाम पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद का भी था, लेकिन उन्हें साक्षात्कार के लिए नहीं बुलाया गया। इसके अलावा भारत के पूर्व विकेटकीपर अजय रात्रा और बल्लेबाज अमय खुरसिया को मंगलवार को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। चेतन उपरोक्त नामों में सबसे अधिक टेस्ट मैच (23) खेलने के नाते शीर्ष स्थान रखते हैं। वेंकटेश के पिछड़ने के बाद अब उनके मुख्य चयनकर्ता बनने की संभावना बढ़ गई है।

टीम चयन

चेतन शर्मा की टीम ने चुनी श्रीलंका सीरीज के लिए टीम

आधिकारिक तौर पर बर्खास्त किए जाने के बावजूद चेतन अंतरिम मुख्य चयनकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं। चेतन की अगुवाई वाली कमेटी ने ही श्रीलंका के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय और वनडे सीरीज की टीम चुनी थी। श्रीलंका क्रिकेट टीम भारत में तीन टी-20 और तीन वनडे मैच खेलेगी। इस साल भारत में वनडे विश्व कप 2023 का आयोजन होगा, ऐसे में चयनकर्ताओं की जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण रहने वाले है।

विवाद

इसलिए निशाने पर आई चेतन शर्मा एंड कंपनी

चेतन को दिसंबर 2020 में नियुक्त किया गया था। तब उन्होंने सुनील जोशी की जगह ली थी। उनका पहला कार्यकाल कई तरह के विवादों से नाता रहा था। बेमेल टीम चयन के चलते वे सवालों के घेरे में आ गए थे। चयन समिति ने एक के बाद एक कई खिलाड़ियों की टीम का कप्तान बना दिया, जिससे उनकी काफी आलोचना भी हुई थी। टी-20 विश्व कप 2022 के बाद BCCI ने पूरी समिति को ही बर्खास्त कर दिया था।

मानदंड

चयन के मानदंड क्या हैं?

चयनकर्ता पद हेतु BCCI की ओर से सूचीबद्ध मानदंड के अनुसार, उम्मीदवारों को न्यूनतम 7 टेस्ट मैच या 30 प्रथम श्रेणी मैच या 10 वनडे और 20 प्रथम श्रेणी मैच खेला हुआ होना चाहिए। इसके अलावा, उम्मीदवारों को कम से कम 5 साल पहले खेल से संन्यास लेना भी अहम शर्त है। इस बीच अहम जानकारी ये भी सामने आ रही है कि इस बार BCCI किसी भ्रम की स्थिति से बचने के लिए सिर्फ एक साल का करार देगी।