Page Loader
पिंक व्हाट्सऐप स्कैम क्या है, जिसे लेकर सरकार ने जारी की एडवायजरी?
पिंक व्हाट्सऐप नाम का नया स्कैम चर्चा में है

पिंक व्हाट्सऐप स्कैम क्या है, जिसे लेकर सरकार ने जारी की एडवायजरी?

लेखन रजनीश
Jun 20, 2023
01:58 pm

क्या है खबर?

ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले लोग ठगी के नए-नए तरीके तलाशते रहते हैं। इनकी ठगी के एक तरीके के बारे में पता चलते ही ये दूसरे तरीके से ठगी शुरू कर देते हैं। अब व्हाट्सऐप पिंक नाम का स्कैम चर्चा में है और केंद्र सरकार ने इसे लेकर एडवाइजरी जारी की है। केंद्र की एडवाइजरी के आधार पर मुंबई पुलिस भी नागरिकों को इस नए फ्रॉड से बचने के लिए चेतावनी दे रही है। आइये इसके बारे में जानते हैं।

एंड्रायड

डाउनलोड कराया जा रहा है पिंक व्हाट्सऐप

सरकार की एडवाइजरी के मुताबिक, एंड्रॉयड यूजर्स को एक नए 'पिंक लुक वाले व्हाट्सऐप' को डाउनलोड करने का लिंक शेयर किया जा रहा है। जिन लोगों को ये लिंक शेयर किया जा रहा है, उन्हें यह भी बताया जा रहा है कि इस व्हाट्सऐप में एक्स्ट्रा फीचर्स हैं। इस नकली व्हाट्सऐप लिंक को यूजर्स के पास व्हाट्सऐप के आधिकारिक अपडेट के रूप में भेजा जा रहा है। लिंक पर क्लिक करने पर मैलेसियस सॉफ्टवेयर फोन में इंस्टॉल हो सकता है।

हैक

हैकर्स हैक कर सकते हैं फोन

यह मैलेसियस सॉफ्टवेयर यूजर्स के फोन को संक्रमित कर सकता है। यह उन लोगों के मोबाइल को भी संक्रमित कर सकता है, जो पिंक व्हाट्सऐप यूज करने वाले से व्हाट्सऐप के जरिए जुड़े हैं। फर्जी व्हाट्सऐप इंस्टॉल करने वाले यूजर्स का फोन हैक कर हैकर्स इसका कंट्रोल अपने हाथ में ले सकते हैं और पर्सनल जानकारी, फोटो और OTP आदि चोरी कर सकते हैं। यूजर्स द्वारा अनजाने में इंस्टाल की गई यह फर्जी ऐप विज्ञापनों की भरमार कर सकती है।

बचाव

तुरंत अनइंस्टॉल कर दें पिंक व्हाट्सऐप

जिन लोगों ने अपने मोबाइल पर पिंक व्हाट्सऐप को किसी भी वजह से डाउनलोड कर लिया है, वे इस नकली ऐप को तुरंत अनइंस्टॉल कर दें। यूजर्स को यह सलाह दी जाती है कि अज्ञात स्त्रोतों से मिले लिंक के जरिए ऐप डाउनलोड न करें। हमेशा गूगल या iOS स्टोर से या आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ही ऐप इंस्टॉल करें। अपने पास आए इस तरह के फर्जी लिंक पर क्लिक न करें और दूसरों को भी न भेजें।

फ्रॉड

भूलकर भी न दें ये जानकारी

यदि धोखे में आपने ऐसी किसी लिंक पर क्लिक कर भी दिया और यदि उसमें आपके बैंक, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड से जुड़ी जानकारी मांगी जा रही है तो उसकी डिटेल बिल्कुल भी न दें और OTP तो भूलकर भी किसी को न बताएं। ऐसे में साइबर अपराधों से बचने के लिए सलाह दी जाती है कि सिर्फ आधिकारिक व्हाट्सऐप ही इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि गूगल प्ले स्टोर पर व्हाट्सऐप जैसी कई फर्जी ऐप्स मौजूद हैं।