Page Loader
माइक्रोसॉफ्ट ने यूरोपीय संघ को बताया ग्लोबल आउटेज के लिए जिम्मेदार
माइक्रोसॉफ्ट ने यूरोपीय संघ को बताया ग्लोबल आउटेज के लिए जिम्मेदार

माइक्रोसॉफ्ट ने यूरोपीय संघ को बताया ग्लोबल आउटेज के लिए जिम्मेदार

Jul 23, 2024
09:33 am

क्या है खबर?

माइक्रोसॉफ्ट विंडोज आउटेज के कारण पिछले हफ्ते दुनिया के करीब 85 लाख से अधिक विंडोज यूजर्स को ब्लू स्क्रीन एरर का सामना करना पड़ा। आउटेज समस्या तब हुई जब क्राउडस्ट्राइक ने अपने एंटीवायरस को अपडेट किया, जिसमें गड़बड़ी थी। अब माइक्रोसॉफ्ट का कहना है कि दोषपूर्ण सुरक्षा अपडेट के कारण शुक्रवार को दुनिया के सबसे बड़े IT आउटेज के लिए यूरोपीय संघ (EU) जिम्मेदार है। इस आउटेज के कारण दुनियाभर के कई सेक्टर प्रभावित हुए।

वजह

माइक्रोसॉफ्ट ने EU को क्यों बताया जिम्मेदार?

EU के 2009 के एक समझौते के तहत माइक्रोसॉफ्ट ऐसे सुरक्षा परिवर्तन नहीं कर सकता था, जो साइबर सुरक्षा फर्म क्राउडस्ट्राइक के अपडेट को अवरुद्ध कर देता, जिसके कारण करीब 85 लाख कंप्यूटर बंद हो गए। माइक्रोसॉफ्ट के पास क्राउडस्ट्राइक का इन-हाउस विकल्प विंडोज डिफेंडर है, लेकिन यूरोपीय प्रतिस्पर्धा जांच से बचने के लिए 2009 में किए गए समझौते के कारण, इसने कई सुरक्षा प्रदाताओं को कर्नेल स्तर पर सॉफ्टवेयर स्थापित करने की अनुमति दी थी।

असर

आउटेज के कारण इन सेवाओं पर पड़ा था असर

इतने बड़े स्तर के आउटेज के कारण हजारों उड़ानें विलंबित या रद्द कर दी गईं, जिससे दुनियाभर के हवाई अड्डों पर यात्री फंस गए। भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया समेत दुनिया के कई देशों में आउटेज के कारण शेयर बाजार और बैंकिंग सेक्टर पर भी बहुत बड़ा असर पड़ा। यह समस्या क्राउडस्ट्राइक के फाल्कन सिस्टम के लिए दोषपूर्ण अपडेट के कारण शुरू हुई थी, जिसे साइबर हमलों को रोकने के लिए डिजाइन किया गया था।