3D अवतार फीचर लेकर आई मेटा; इंस्टाग्राम, फेसबुक और मेसेंजर सभी के लिए अपडेट

सोशल मीडिया कंपनी मेटा (पहले फेसबुक) की ओर से इंस्टाग्राम, फेसबुक और मेसेंजर जैसी इसकी सेवाओं के लिए 3D अवतार फीचर लॉन्च किया गया है। इस फीचर के साथ यूजर्स अपने वर्चुअल 3D अवतार बना सकेंगे और उन्हें स्टिकर्स या प्रोफाइल फोटो की तरह इस्तेमाल कर पाएंगे। यह 3D अवतार फीड में और मेटा की दूसरी वर्चुअल रिएलिटी से जुड़ी सेवाओं (जैसे- क्वेस्ट) में इस्तेमाल किया जा सकेगा। हालांकि, नया फीचर अभी चुनिंदा देशों में ही मिल रहा है।
फेसबुक पर यूजर्स को उनका 2D अवतार बनाने का विकल्प जून, 2020 से मिल रहा है, जिसमें बदलाव कर इसे 3D किया गया है। 3D अवतार बनाकर यूजर्स खुद को वर्चुअल दुनिया फेसबुक मेटावर्स का हिस्सा बनाने की ओर कदम बढ़ा सकते हैं। जो यूजर्स VR का इस्तेमाल ना करना चाहें, वे 3D अवतार को स्टोरीज, फीड और मेसेजिंग के दौरान इस्तेमाल कर पाएंगे। इन अवतार्स के चेहरे से लेकर कपड़े तक यूजर्स अपने हिसाब से बदल सकते हैं।
मेटा ने बताया है कि नए 3D अवतार फीचर में चेहरे के कई आकारों के अलावा 'दिव्यांग यूजर्स के लिए जरूरी उपकरण' भी शामिल किए गए हैं। कंपनी के जनरल मैनेजर एग्रिम शोरमैन ने बताया कि कंपनी व्हीलचेयर, सुनने की मशीन और इंप्लांट्स को इसका हिस्सा बनाकर तय कर रही है कि दिव्यांग यूजर्स भी उनके जैसे दिखने वाले अवतार आसानी से बना सकें। आगे भी अवतार क्रिएटर में बदलाव होते रहेंगे और नए फीचर्स शामिल किए जाएंगे।
मेटा CEO मार्क जुकरबर्ग ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए 3D अवतार फीचर मिलने की घोषणा की। उन्होंने लिखा, "हम डिजिटल क्लोनिंग से जुड़ा प्रयोग भी शुरू कर रहे हैं। आप अपने अवतार क्वेस्ट, फेसबुक, इंस्टाग्राम और मेसेंजर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। एक दिन आपके पास बिल्कुल आपके जैसे दिखने वाले अवतार होंगे। जल्द और भी जानकारी शेयर करूंगा।" शॉर्ट वीडियो में मार्क ने अलग-अलग जगह इस्तेमाल करते हुए अपना अवतार भी दिखाया।
मेटा के मुताबिक, जिन यूजर्स ने फेसबुक पर पहले से अपना 2D अवतार तैयार किया है, उनके लिए 3D अवतार अपने आप क्रिएट हो जाएगा। अन्य यूजर्स को नए 'क्रिएट अवतार' बटन पर टैप करना होगा और अपने चेहरे के हिसाब से कैरेक्टर डिजाइन करना होगा। फेसबुक या मेसेंजर कहीं अवतार में किए गए बदलाव दूसरी मेटा सेवाओं जैसे- इंस्टाग्राम और क्वेस्ट पर अपने आप दिखने लगेंगे। यानी कि एक अवतार सभी मेटा सेवाओं पर इस्तेमाल किया जा सकेगा।
मेटा ने अपना 3D अवतार फीचर अभी केवल तीन देशों- अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में रोलआउट किया है। शुरुआती टेस्टिंग और यूजर्स से मिलने वाली प्रतिक्रिया के आधार पर इस फीचर को दुनियाभर में सभी मेटा यूजर्स के लिए रिलीज किया जाएगा। इसी अवतार के साथ यूजर्स मेटावर्स का हिस्सा भी बन पाएंगे और वर्चुअल रिएलिटी में दूसरों से मिल सकेंगे। अच्छी बात यह है कि अवतार बनाने के लिए मेटावर्स से जुड़ना अनिवार्य नहीं है।
फेसबुक मेटावर्स को सोशल मीडिया और इंटरनेट का भविष्य मान रही है। 3D अवतार के बाद दूसरे मेटावर्स फीचर्स कंपनी की अन्य सेवाओं में देखने को मिल सकते हैं, जिससे ज्यादा सोशल मीडिया यूजर्स को लुभाया जा सके।