
टेस्ट क्रिकेट: इन भारतीय बल्लेबाजों ने इंग्लैंड के खिलाफ लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
टेस्ट क्रिकेट में छक्का लगाना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता, खासकर जब सामने इंग्लैंड की घातक गेंदबाजी हो। फिर भी कुछ भारतीय बल्लेबाजों ने इस चुनौती को मौके में बदला और इंग्लिश गेंदबाजों की गेंदों को दर्शकदीर्घा तक पहुंचाया। इन खिलाड़ियों ने न सिर्फ रन बनाए, बल्कि अपने दमदार प्रहारों से कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। इनमें से 4 खिलाड़ी मौजूदा सीरीज में भी टीम का हिस्सा हैं। आइए इन धुरंधरों के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
#1
ऋषभ पंत (36 छक्के)
इस सूची में पहले स्थान पर भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच 2018 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 15 मुकाबले खेले हैं और इसकी 27 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 36 छक्के जड़ दिए हैं। उनके बल्ले से 139 चौके भी निकले हैं। पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ 46.38 की उम्दा औसत के साथ 1,206 रन बनाए हैं।
#2
यशस्वी जायसवाल (27 छक्के)
इंग्लैंड के खिलाफ साल 2024 में अपना पहला टेस्ट मैच खेलने वाले यशस्वी जायसवाल इस सूची में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने सिर्फ 8 मैचों की 15 पारियों में 27 छक्के जड़ दिए हैं। उनके बल्ले से 107 चौके भी निकले हैं। यशस्वी ने 67.50 की औसत से इंग्लैंड के खिलाफ 945 रन बनाए हैं। इस युवा खिलाड़ी ने 3 शतक और 4 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 214* रन रहा है।
#3
शुभमन गिल (26 छक्के)
टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला मुकाबला 2021 में खेला था। इस खिलाड़ी ने 13 मैचों की 24 पारियों में 26 छक्के लगाए हैं। उनके बल्ले से 131 चौके भी निकले हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 54.50 की उम्दा औसत के साथ 1,199 रन बनाए हैं। गिल ने 5 शतक और 3 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 269 रन रहा है।
#4
रविंद्र जडेजा (22 छक्के)
चौथे स्थान पर भारत के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी रविंद्र जडेजा हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 23 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 39 पारियों में वह 22 छक्के लगाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 141 चौके भी निकले हैं। जडेजा ने 2 शतक के अलावा 10 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 112 रन रहा है। जडेजा इस सीरीज में लगातार 4 अर्धशतकीय पारी खेल चुके हैं।