Page Loader
ISRO ने आदित्य-L1 मिशन का पहला वैज्ञानिक डाटा किया जारी, ऐसे कर सकते हैं डाउनलोड 
ISRO ने आदित्य-L1 मिशन का पहला वैज्ञानिक डाटा किया जारी

ISRO ने आदित्य-L1 मिशन का पहला वैज्ञानिक डाटा किया जारी, ऐसे कर सकते हैं डाउनलोड 

Jan 08, 2025
02:44 pm

क्या है खबर?

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने आदित्य-L1 मिशन का पहला वैज्ञानिक डाटा जारी किया है। यह डाटा मिशन की पहली वर्षगांठ पर 6 जनवरी को जारी किया गया, जब इसे सूर्य-पृथ्वी प्रणाली के L1 बिंदु के चारों ओर हेलो कक्षा में स्थापित किया गया था। डाटा में मिशन के सभी 7 रिमोट सेंसिंग और इन-सिटू प्रयोगों से किए गए अवलोकन शामिल हैं। इस पहल को वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय ने सौर अनुसंधान में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा है।

तरीका

कैसे डाउनलोड कर सकते हैं डाटा?

ISRO ने अब इस डाटा को भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान डाटा केंद्र (ISSDC) पोर्टल और PRADAN पोर्टल पर उपलब्ध कराया है। शोधकर्ता और छात्र https://www.issdc.gov.in/adityal1.html पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं। PRADAN पोर्टल पर भी डाटा उपलब्ध है, जिसे https://pradan.issdc.gov.in/al1 से एक्सेस किया जा सकता है। ISRO ने कहा कि यह पहल शोधकर्ताओं को अधिक से अधिक भागीदारी का मौका देगी और सौर अध्ययन के क्षेत्र में नए आयाम खोलेगी।

बैठक 

मूल्यांकन बैठक हुई आयोजित

डाटा जारी होने के बाद एक पेलोड प्रदर्शन मूल्यांकन बैठक आयोजित की गई, जिसमें देशभर के 15 विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के 40 प्रमुख वैज्ञानिक, शिक्षाविद, और छात्र शामिल हुए। बैठक में मिशन के सभी 7 वैज्ञानिक पेलोड्स की कार्यक्षमता पर चर्चा की गई। इसके अलावा, सौर भौतिकी, हीलियोफिजिक्स और अंतरिक्ष मौसम अनुसंधान में आदित्य-L1 डाटा के उपयोग और जमीन आधारित डाटा के साथ इसके समन्वय पर भी विचार-विमर्श किया गया।

योगदान

सौर अनुसंधान में बड़ा योगदान

ISRO अध्यक्ष डॉ. एस सोमनाथ ने इस डाटा को भारत के सौर और अंतरिक्ष मौसम अनुसंधान में एक मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा कि यह डाटा शोधकर्ताओं को सूर्य-पृथ्वी कनेक्शन को समझने और अंतरिक्ष विज्ञान में नई खोजों के लिए प्रेरित करेगा। इस पहल से न केवल भारतीय वैज्ञानिकों को बल्कि वैश्विक शोधकर्ताओं को भी लाभ होगा। यह मिशन भारत के स्वदेशी अंतरिक्ष विज्ञान और अनुसंधान कार्यक्रम को और अधिक मजबूत बनाएगा।