Page Loader
हरियाणा का रोहतक और झज्जर भूकंप के झटकों से हिला, झज्जर में इस हफ्ते तीसरी बार
हरियाणा के रोहतक और झज्जर में भूकंप के झटके लगे

हरियाणा का रोहतक और झज्जर भूकंप के झटकों से हिला, झज्जर में इस हफ्ते तीसरी बार

लेखन गजेंद्र
Jul 17, 2025
01:54 pm

क्या है खबर?

हरियाणा के दो जिलों में गुरुवार को भूकंप के झटके लगे हैं। पहले रोहतक जिले में और उसके बाद झज्जर में झटका महसूस किया गया है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर रोहतक का भूकंप 3.3 तीव्रता का और झज्जर का भूकंप 2.5 तीव्रता का आया है। दोनों जिलों में किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं आई है। बता दें कि झज्जर में इस हफ्ते यह तीसरी बार झटका लगा है।

भूकंप

10 जुलाई से अब तक आए 4 भूकंप

जानकारी के मुताबिक, रोहतक में बुधवार रात ठीक 12:45 बजे भूकंप का झटका लगा था, जो 10 किलोमीटर गहराई में था। झज्जर में गुरुवार दोपहर 12:34 पर झटका लगा था, जो 5 किलोमीटर गहराई में था। पिछले गुरुवार को झज्जर में 4.4 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद 11 जुलाई को यहां 3.7 तीव्रता का झटका लगा। 10 जुलाई से अब तक रोहतक के 40 किलोमीटर के दायरे में चार भूकंप आ चुके हैं, जो 2.5 तीव्रता से अधिक थे।

झटका

दिल्ली तक महसूस हो रहा झटका

हरियाणा में पिछले हफ्ते से जारी हल्के भूकंप के झटके दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी महसूस हो रहे हैं। रोहतक में बुधवार रात को जो भूकंप आया, उसका केंद्र दिल्ली से 52 किलोमीटर और हरिद्वार से 180 किलोमीटर दूर था। विशेषज्ञों के मुताबिक, दिल्ली-NCR और झज्जर, रोहतक जैसे आसपास के जिले सक्रिय भूगर्भीय भ्रंश रेखाओं के घने नेटवर्क के ऊपर स्थित है। इससे यहां कंपन महसूस होता है।