भारतीयों ने 2021 में फोन पर रोजाना बिताए औसतन 4.7 घंटे- रिपोर्ट
क्या है खबर?
भारत में स्मार्टफोन यूजर्स तो बढ़े ही हैं, उनका स्क्रीन के सामने बीतने वाला वक्त भी पहले के मुकाबले बढ़ा है।
मोबाइल ऐप एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म ऐप एनी की रिपोर्ट में बताया गया है कि 2021 में भारतीयों ने रोज अपनी स्मार्टफोन स्क्रीन के सामने औसत 4.7 घंटे का वक्त बिताया।
भारत में लगातार तीसरे साल रोज होने वाला स्मार्टफोन का इस्तेमाल बढ़ा है और ऐसा कोविड-19 महामारी में स्मार्टफोन्स पर बढ़ी निर्भरता के चलते हुआ है।
रिपोर्ट
ऐप डाउनलोड्स के मामले में दूसरे नंबर पर भारत
मोबाइल ऐप एनालिटिक्स सर्विस ऐप एनी ने अपनी स्टेट ऑफ मोबाइल 2022 रिपोर्ट में बताया है कि ऐप डाउनलोड्स के मामले में भारत टॉप 20 मोबाइल मार्केट्स में दूसरी पोजीशन पर रहा।
इस रिपोर्ट के लिए पिछले साल किए गए 27 अरब ऐप डाउनलोड्स का डाटा इस्तेमाल किया गया।
भारत में फाइनांस ऐप्स भी खूब लोकप्रिय रहीं, जिन्हें देश में एक अरब से ज्यादा बार डाउनलोड किया गया।
वीडियो कंटेंट स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स भी पिछले साल जमकर डाउनलोड किए गए।
वक्त
फोन के साथ यूजर्स ने बिताया इतना वक्त
रिपोर्ट में बताया गया है कि 2021 में स्मार्टफोन्स का इस्तेमाल करने वाले भारतीयों का औसत रोजाना 4.7 घंटे रहा।
साल 2019 में यह आंकड़ा 3.7 घंटे प्रतिदिन था, जो साल 2020 में बढ़कर 4.7 घंटे प्रतिदिन पर पहुंच गया।
हालांकि, ब्राजील, इंडोनेशिया, साउथ कोरिया और मैक्सिको जैसे देशों के मुकाबले भारतीय स्मार्टफोन यूजर्स ने अपना फोन कम वक्त के लिए चलाया।
टॉप-3 देशों में यूजर्स रोज पांच घंटे से ज्यादा वक्त अपने स्मार्टफोन के साथ बिताते हैं।
वीडियो
वीडियो स्ट्रीमिंग ऐप्स पर बिताया ज्यादा वक्त
ज्यादातर देशों में स्मार्टफोन यूजर्स ने अपना पहले के मुकाबले ज्यादा वक्त वीडियो स्ट्रीमिंग ऐप्स के साथ बिताया, वहीं भारत और चीन ने 2019 के मुकाबले क्रम से आठ और 46 प्रतिशत की कमी दर्ज की।
ऐप्स डाउनलोड से जुड़े आंकड़ों की बात करें तो 2021 में ऐप्स पर किया गया खर्च 170 अरब डॉलर (करीब 12,60,400 करोड़ रुपये) तक पहुंच गया।
फाइनांस ऐप्स के अलावा फूड डिलिवरी ऐप्स भी भारत में पहले से ज्यादा इस्तेमाल की गईं।
सर्च
ऐप स्टोर पर ये शब्द किए गए सर्च
रिपोर्ट में बताया गया है कि iOS ऐप स्टोर पर भारत में सबसे ज्यादा सर्च किए गए कीवर्ड्स व्हाट्सऐप+, जूम और गूगल मीट रहे।
वहीं, 2021 में ढेरों आईफोन यूजर्स ने ऐप स्टोर पर व्हाट्सऐप बिजनेस और कॉल रिकॉर्डर फॉर आईफोन फ्री सर्च किया।
फाइनांस ऐप्स को दुनियाभर में 5.9 अरब बार डाउनलोड किया गया है। दूसरी ग्लोबल ऐप्स के मुकाबले भारत की वजीर-X ऐप को साल 2021 में सबसे ज्यादा बढ़त मिली।
डिलिवरी
फूड डिलिवरी ऐप्स के इतने डाउनलोड्स
फूड डिलिवरी ऐप्स के करीब 12.1 अरब यूजर सेशंस साल 2021 की आखिरी तिमाही में भारत में रिकॉर्ड किए गए।
साल 2020 की दूसरी तिमाही में कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान इसमें आई कमी के लंबे अंतराल बाद ऐसी बढ़त दर्ज की गई।
ट्रैवल ऐप्स को भी 2021 में ज्यादा डाउनलोड किया गया और भारत में इन्होंने पांच प्रतिशत बढ़त दर्ज की।
हालांकि, 2021 में डेटिंग ऐप्स पर भारतीय यूजर्स ने 2018 के मुकाबले 18 प्रतिशत कम वक्त बिताया।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
भारत सरकार की आरोग्य सेतु ऐप को 10 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया गया है। हालांकि, पहले के मुकाबले पिछले साल इसका इस्तेमाल कम हो गया है और ज्यादा यूजर्स इसे ओपेन नहीं कर रहे हैं।