
सितंबर में दिखेगा दुर्लभ 'ब्लड मून' चंद्रग्रहण, जानिए कब और कैसे देख सकेंगे आप
क्या है खबर?
खगोलीय घटनाओं में रुचि रखने वाले लोगों के लिए इस साल सितंबर का महीना काफी खास है। 7 और 8 सितंबर की रात को पृथ्वी से 'ब्लड मून' यानी पूर्ण चंद्रग्रहण दिखाई देगा। इस दौरान चंद्रमा गहरा लाल-नारंगी रंग का दिखाई देगा। यह घटना 82 मिनट तक चलेगी, जो इसे एक लंबा चंद्रग्रहण बनाती है। एशिया और पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया इसके प्रमुख दर्शक होंगे, जबकि अमेरिका में यह नहीं देखा जा सकेगा। इसे दुनियाभर के करीब 6.2 अरब लोग देख सकेंगे।
घटना
कैसे बनता है 'ब्लड मून' और क्यों दिखता है लाल?
चंद्रग्रहण तब होता है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है और उसकी छाया चंद्रमा पर पड़ती है। जब चंद्रमा पूरी तरह छाया में होता है, तब उसकी सतह लाल या नारंगी दिखती है, जिसे 'ब्लड मून' कहा जाता है। यह केवल पूर्णिमा पर ही होता है। इस बार यह 'हार्वेस्ट मून' के समय होगा, जब चंद्रमा पहले से ही बड़ा और चमकीला होता है। इससे यह दृश्य और भी खास और सुंदर बन जाएगा।
तरीका
कब और कैसे देखें यह सुंदर चंद्रग्रहण?
भारतीय समयानुसार यह पूर्ण चंद्रग्रहण 7 सितंबर को रात 08:58 बजे शुरू होगा और 01:25 बजे (8 सितंबर) तक चलेगा। चंद्रमा की लाल छाया रात 10:58 बजे से 12:22 बजे के बीच साफ दिखाई देगी। यह पूरा दृश्य बिना किसी उपकरण के खुली आंखों से देखा जा सकता है, लेकिन टेलीस्कोप से यह और सुंदर दिखेगा। चंद्रमा को देखने के लिए किसी ऊंची जगह या खुले मैदान का चयन करना बेहतर रहेगा।