Page Loader
चीन की 36 प्रतिबंधित ऐप्स की भारत में हुई वापसी, बदले गए नाम
चीन के 36 प्रतिबंधित ऐप्स की भारत में हुई वापसी

चीन की 36 प्रतिबंधित ऐप्स की भारत में हुई वापसी, बदले गए नाम

Feb 12, 2025
02:08 pm

क्या है खबर?

भारत सरकार ने 2020 में 267 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन अब इनमें से 36 ऐप नए नाम और बदले हुए स्वामित्व के साथ वापस आ चुके हैं। ये ऐप गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर पर फिर से डाउनलोड के लिए उपलब्ध हैं। कुछ ने अपना नाम, लोगो या मालिकाना हक बदल लिया है, जबकि कुछ सीधे चीनी कंपनियों चलाए जा रहे हैं। ये ऐप गेमिंग, शॉपिंग, मनोरंजन और डेटिंग जैसी कई कैटेगरी में आते हैं।

वापसी

ऐप्स ने कैसे की वापसी?

रिपोर्ट के अनुसार, कई ऐप्स ने मामूली बदलावों के साथ वापसी की है। उदाहरण के लिए, जेंडर अब आईफोन पर 'जेंडर: फाइल शेयर, शेयर म्यूजिक' नाम से मौजूद है, जबकि ताओबाओ अब 'मोबाइल ताओबाओ' हो गया है। डेटिंग ऐप तनतन ने भी अपना नाम बदलकर 'तनतन- एशियन डेटिंग ऐप' कर लिया है। इसके अलावा, फैशन ब्रांड शीन ने रिलायंस के साथ साझेदारी कर भारत में दोबारा एंट्री ली है और इसका डाटा भारत में ही स्टोर किया जा रहा है।

चुनौती

सरकार के लिए नई चुनौती

इन ऐप्स की वापसी से साफ है कि प्रतिबंध लगाना आसान है, लेकिन इसे लागू कर पाना मुश्किल है। कई कंपनियों ने भारत, जापान, सिंगापुर, बांग्लादेश और अन्य देशों का पता दिखाकर अपना असली स्वामित्व छिपा लिया है। PUBG मोबाइल को 2020 में बैन किया गया था, लेकिन यह 'बैटलग्राउंड मोबाइल इंडिया (BGMI)' नाम से वापस आया। ऐसे क्लोन वर्जन और नाम बदलकर लौटने वाले ऐप्स सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बने हुए हैं।