Page Loader
BGMI की हो गई वापसी, गूगल प्ले स्टोर पर डाउनलोड के लिए हुआ उपलब्ध
BGMI गेम को अब गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है (तस्वीर: फेसबुक@BattlegroundsMobileIN)

BGMI की हो गई वापसी, गूगल प्ले स्टोर पर डाउनलोड के लिए हुआ उपलब्ध

लेखन रजनीश
May 22, 2023
12:54 pm

क्या है खबर?

बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (BGMI) गेम अब डाउनलोड करने के लिए उपलब्ध है। इस गेम को एंड्रॉयड स्मार्टफोन के लिए गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। जिन यूजर्स को अभी यह गेम ऐप स्टोर पर नहीं मिल रहा है, ऐसे यूजर्स BGMI की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर प्ले बटन पर क्लिक करें। क्लिक करते ही यूजर्स को डाउनलोड पेज पर रीडायरेक्ट कर दिया जाएगा। यहां से गेम को फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है।

आईफोन

अभी iOS के उपलब्ध नहीं है ये गेम

यह गेम अभी iOS के लिए ऐपल ऐप स्टोर पर नहीं उपलब्ध है, लेकिन जल्द ही उसके लिए भी जारी किया जाएगा। बीते दिनों BGMI ने खुद एक फेसबुक पोस्ट के जरिए इस बात की पुष्टि की थी कि उसे गेम को भारत में दोबारा शुरू करने की इजाजत मिल गई है। इसके बाद सरकार ने भी कहा था कि BGMI को 3 महीने का ट्रायल अप्रूवल दिया गया है।

डाउनलोड

ऐसे कर सकते हैं डाउनलोड

नए BGMI का साइज 735 MB है। यूजर्स इसे इसकी ऑफिशियल वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं और प्ले स्टोर के सर्च बार में जाकर BGMI या बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया लिखकर भी डाउनलोड किया जा सकता है। इंस्टॉल करने से पहले गेम कुछ परमिशन मांगेगा। सहमत होने पर इसे परमिशन देते ही ये डाउनलोड होना शुरू हो जाएगा। डाउनलोड पूरा होते ही 'इंस्टॉल' बटन की जगह 'ओपन' लिखा दिख जाएगा। ओपन करते ही BGMI शुरू हो जाएगा।

बैन

इस वजह से सरकार ने लगाया था बैन

भारत सरकार ने जुलाई, 2022 में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए और बच्चों पर इसके दुष्प्रभाव से जुड़ी चिंता के चलते BGMI पर बैन लगा दिया था। इसके बाद इसे गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर से हटा दिया गया था। बता दें कि इस गेम को क्राफ्टन नाम की कंपनी ने बनाया है। BGMI गेम PUBG का रिब्रांडेड या कहें कि इंडियन वर्जन है। यह एक मल्टीप्लेयर बैटल रॉयल गेम है।

चोरी

गेम के लिए चोरी के मामले भी आए थे सामने

इस गेम को चीनी सर्वर के साथ इंटरैक्ट करते भी देखा गया था और इस पर बच्चों में अपराध को बढ़ावा देने और उनके व्यवहार को हिंसक बनाने का आरोप लगा था। बच्चों में इस गेम के लत का शिकार होने के मामले भी आए थे। BGMI के चलते बच्चों की ओर से इन-गेम कंटेंट खरीदने के लिए पैसों की चोरी और माता-पिता की जानकारी के बिना उनके बैंकिंग कार्ड्स इस्तेमाल करने के भी कई मामले भी सामने आए थे।

सरकार

गेम को 90 दिन के लिए मिली है ट्रायल मंजूरी

इलेक्ट्रॉनिक्स और टेक्नोलॉजी मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने हाल ही में कहा था कि सर्वर लोकेशन और डाटा सुरक्षा का पालन करने के बाद BGMI को 3 महीने की ट्रायल मंजूरी दी गई है। 3 महीनों में यूजर्स पर इसके नुकसान, लत आदि का आंकलन करने के बाद अंतिम फैसला होगा। एक रिपोर्ट के मुताबिक, BGMI की वापसी सशर्त है। इसमें सरकार ने गेम कंपनी को खेल की समय सीमा निर्धारित करने के साथ ही इंटरफेस बदलने के लिए कहा है।