Page Loader
मानसून ने दिल्ली में दी समय से पहले दस्तक, पूरे देश में 9 दिन पहले छाया 
दिल्ली में तय समय से एक दिन पहले पहुंचा मानसून

मानसून ने दिल्ली में दी समय से पहले दस्तक, पूरे देश में 9 दिन पहले छाया 

Jun 29, 2025
02:36 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है। दिल्ली में सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। कहीं-कहीं बारिश के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल हैं। इससे साथ दिल्लीवासियों का मानसून का इंतजार खत्म हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राजधानी में मानसून ने तय समय से एक दिन पहले दस्तक दी है। इस तरह इस साल मानसून सामान्य से 9 दिन पहले ही देशभर में छा गया है।

बयान

IMD ने क्या जारी किया बयान

IMD के मुताबिक, इस बार मानसून ने दिल्ली में एक दिन पहले, यानी 29 जून को दी है। यही नहीं, पूरे देश में मानसून ने 9 दिन पहले ही अपनी पकड़ बना ली। आमतौर पर मानसून 8 जुलाई तक पूरे भारत में फैल जाता है, लेकिन इस साल यह रिकॉर्ड समय से पहले पूरे देश में सक्रिय हो गया। IMD के आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले साल 2020 में मानसून ने 26 जून तक पूरे देश को कवर किया था।

अलर्ट

दिल्ली में पूरे हफ्ते हल्की से मध्यम बारिश के अनुमान

IMD ने दिल्ली में रविवार के लिए बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इसी तरह अगले हफ्ते हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। इससे पहले IMD ने अनुमान जताया था कि 25 जून तक दिल्ली में मानसून दस्तक दे देगा, लेकिन यह अनुमान सही साबित नहीं हुआ। इसके बाद 27 जून को मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई, मगर यह दिन भी बिना मॉनसून के गुजर गया, लेकिन अब आखिकार मानसून ने दस्तक दे दी है।

स्थिति

मानसून में कैसी रहेगी बारिश की स्थिति?

IMD का कहना है कि इस बार मानसून की शुरुआती स्थिति अच्छी है, लेकिन बारिश की मात्रा और वितरण अगले कुछ हफ्तों में साफ हो पाएगा। विशेषज्ञों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून के शुरुआती सक्रिय रहने से खेती और जल संकट प्रभावित इलाकों को राहत मिल सकती है। हालांकि, आगे चलकर मानसून में रुकावट या बारिश की कमी से समस्या बढ़ सकती है। फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिल चुकी है और किसान बुवाई में जुट गए हैं।