Page Loader
देश के 22 राज्याें में होगी झमाझम बारिश, पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा 
दिल्ली में शनिवार को हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया

देश के 22 राज्याें में होगी झमाझम बारिश, पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा 

Jun 29, 2025
09:12 am

क्या है खबर?

देश के ज्यादातर हिस्सों में मानसून सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल हुआ है। कहीं झमाझम बारिश का दौर चल रहा है तो कहीं उमस-गर्मी पसीने छुड़ा रही है। अगले 2 दिनों तक 22 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पूर्वोत्तर सहित पहाड़ी राज्यों में जोरदार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही भूस्खलन का खतरा बताया है।

अलर्ट 

इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक होगी भारी बारिश

मध्य प्रदेश में मानसून की जबरदस्त बारिश का सिलसिला रविवार को 16 जिलों में जारी रहने की संभावना है। दूसरी तरफ बिहार में कुछ जगह बादल छाए रहने और 5 जिलों कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया व नवादा में गरज व चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, 2 जुलाई तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़, 4 जुलाई तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में, 2 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश होने की संभावना है।

खतरा 

पहाड़ों पर बढ़ी भूस्खलन की घटनाएं

IMD ने 29 जून से हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिससे क्षेत्र में बाढ़, नदी के जलस्तर में वृद्धि और भूस्खलन होने की संभावना है। उत्तराखंड में भी बादल जमकर बरस रहे हैं। शनिवार को उत्तरकाशी में बादल फटने और भूस्खलन से 8-9 मजदूर लापता बताए जा रहे हैं। 30 जून को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के साथ जम्मू और कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट है।

ट्विटर पोस्ट

शिमला में बारिश से बदला मौसम का मिजाज

परेशानी 

केरल में भारी बारिश से बढ़ने लगी परेशानी 

केरल में भारी बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है, जिससे निचले इलाकों और नदी के किनारों पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मौसम विभाग ने वायनाड समेत 7 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। इसके अलावा, महाराष्ट्र, गोवा और पूर्वोत्तर राज्यों में अलर्ट जारी किया है।

इंतजार 

दिल्ली लंबा हो रहा मानसून का इंतजार 

दिल्ली में भले ही मानसून ने प्रवेश नहीं किया हो, लेकिन शनिवार (28 जून) को हुई जबरदस्त बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी हुई। IMD के अनुसार, देश की राजधानी में स्थितियां अनुकूल हैं और जल्द ही मानसून पूरी तरह से प्रवेश कर जाएगा। रविवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।