Page Loader
रॉक क्लाइम्बिंग के लिए बेहतरीन हैं ये 5 भारतीय जगहें, एक बार जरूर करें इनका रुख
रॉक क्लाइम्बिंग का क्रेज बढ़ रहा है (तस्वीर: फ्रीपिक)

रॉक क्लाइम्बिंग के लिए बेहतरीन हैं ये 5 भारतीय जगहें, एक बार जरूर करें इनका रुख

लेखन गौसिया
Oct 24, 2023
01:25 pm

क्या है खबर?

रॉक क्लाइम्बिंग एक रोमांचक साहसिक गतिविधि है, जिसमें व्यक्ति को रस्सी की मदद से पहाड़ की चोटी पर पहुंचना होता है। यह गतिविधि भारत में लोकप्रिय हो रही है और साहसिक गतिविधियों के शौकीनों के बीच इसका क्रेज बढ़ रहा है। यह एक ऐसी गतिविधि है, जिसे अजमाने के लिए धैर्य, ताकत और बहुत सारी हिम्मत की जरूरत होती है। आइये आज रॉक क्लाइम्बिंग के लिए मशहूर भारत की 5 जगहें जानते हैं।

#1

मालशेज घाट, महाराष्ट्र 

महाराष्ट्र के पश्चिमी घाट पर मालशेज घाट स्थित है। यह मुंबई और पुणे से लगभग 120 किलोमीटर दूर है। हरी-भरी घाटियों के पास रॉक क्लाइम्बिंग करने के लिए यह एक सुंदर जगह है। इस जगह के पास झरने और गुफाएं भी मौजूद हैं, जो इसकी सुंदरता को बढ़ाते हैं। यहां रॉक क्लाइम्बिंग के लिए उपयुक्त समय सर्दी का मौसम है, इसलिए एक बार यहां जरूर जाएं। महाराष्ट्र के इन खूबसूरत हिल स्टेशन के बारे में भी जानें।

#2

पार्वती घाटी, हिमाचल प्रदेश 

हिमालय की खूबसूरत वादियों में बसी हिमाचल प्रदेश की पार्वती घाटी एक बेहद अद्भुत और खूबसूरत जगह है। बर्फबारी के दौरान इस जगह की खूबसूरती देखने लायक होती है। यहां पर यात्री खूबसूरत नजारों के साथ-साथ साहसिक गतिविधियों का आनंद भी ले सकते हैं। यहां पर चट्टानी इलाके होने के कारण यह जगह रॉक क्लाइम्बिंग के लिए उपयुक्त है। अगर आप एडवेंचर प्रेमी है तो सर्दियों में इस जगह का रुख जरूर करें।

#3

शे रॉक, लद्दाख

लद्दाख में स्थित शे रॉक साहसिक गतिविधियों का आनंद लेने के लिए एक बढ़िया जगह है। यह जगह रॉक क्लाइम्बिंग के लिए मशहूर है और इसके विभिन्न संरचनाओं वाले पहाड़ इसे रोमांच शौकीनों के लिए आदर्श बनाते हैं। आप जब पहाड़ों के शीर्ष पर पहुंच जाते हैं तो आपको यहां का मनोरम दृश्य देखने को मिलता है। इस क्षेत्र में रॉक क्लाइम्बिंग के लिए गर्मी का मौसम उपयुक्त है।

#4

दमदमा झील, हरियाणा 

हरियाणा में स्थित दमदमा झील पर्यटकों के लिए एक बेहतरीन जगह है। यह दिल्ली से लगभग 64 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस झील की खूबसूरती देखने के साथ आप यहां रॉक क्लाइम्बिंग, कायाकिंग, रोप ब्रिज क्रॉसिंग और कई अन्य साहसिक गतिविधियों का भी लुत्फ उठा सकते हैं। साथ ही यहां प्रवासी पक्षियों की लगभग 190 से अधिक प्रजातियां भी हैं और इनके बीच रहकर आपको प्रकृति से एक अलग ही जुड़ाव महसूस होगा।

#5

हम्पी, कर्नाटक 

कर्नाटक में स्थित हम्पी एक यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, जो अपने खंडहरों और किलेबंदी के लिए प्रसिद्ध है। इसके अलावा यह जगह रॉक क्लाइम्बिंग और बोल्डरिंग के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां पर इन साहसिक गतिविधियों को करने के लिए नवंबर और दिसंबर का महीना सबसे सही समय माना जाता है, इसलिए अभी से ही यहां जाने की योजना बना लें। यकीनन यहां विचित्र चट्टान संरचनाओं पर रॉक क्लाइंबिंग आपको एक रोमांचक अनुभव प्रदान करेगी।