Page Loader
महाराष्ट्र के 5 सबसे खूबसूरत हिल स्टेशन, एक बार जरूर करें इनकी यात्रा
महाराष्ट्र में स्थित हैं कई खूबसूरत हिल स्टेशन

महाराष्ट्र के 5 सबसे खूबसूरत हिल स्टेशन, एक बार जरूर करें इनकी यात्रा

लेखन गौसिया
Oct 15, 2023
11:12 am

क्या है खबर?

समृद्ध इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के साथ महाराष्ट्र में कई खूबसूरत हिल स्टेशन हैं, इसलिए घूमने के लिए यहां का रुख करना तो बनता है। हिल स्टेशन का वातावरण और आकर्षक नजारें आपको मंत्रमुग्ध कर देंगे और यहां पर आप साहसिक गतिविधियों का आनंद भी ले सकते हैं। आने वाली छुट्टियों में अपने दोस्तों या परिवार के साथ यहां घूमने की योजना जरूर बनाएं। चलिए फिर आज ट्रेवल टिप्स में महाराष्ट्र के खूबसूरत हिल स्टेशन के बारे में जानते हैं।

#1

माथेरान 

महाराष्ट्र में स्थित माथेरान एक छोटा-सा हिल स्टेशन है और यह सबसे अधिक पर्यावरण के अनुकूल स्थानों में से एक है। इस जगह को "महाराष्ट्र का उपहार" भी कहा जाता है। यहां लगभग 38 ऐसे खूबसूरत स्थान हैं, जो घाटियों और उनके आसपास की पहाड़ियों के लुभावने दृश्य पेश करते हैं। यहां पर आप जिप-लाइनिंग और रॉक क्लाइंबिंग जैसे साहसिक खेलों को भी आजमा सकते हैं। इसके अलावा यहां की स्थानीय दुकानों से खरीदारी जरूर करें।

#2

महाबलेश्वर 

महाबलेश्वर महाराष्ट्र का एक पहाड़ी इलाका है, जो स्ट्रॉबेरी के अलावा अपनी कई नदियों, शानदार झरनों और राजसी चोटियों के लिए जाना जाता है। यह एक हिल स्टेशन है जो महाराष्ट्र के सतारा जिले में स्थित है। यह जगह अपनी मनोरम सुंदरता और खूबसूरत स्ट्रॉबेरी फार्म के लिए काफी प्रसिद्ध है। अगर आप महाराष्ट्र की यात्रा करने के लिए जा रहे हैं तो महाबलेश्वर के आकर्षक दृश्यों, विल्सन प्वाइंट, वेन्ना झील आदि का आनंद जरूर लें।

#3

पंचगनी 

पांच पहाड़ियों से घिरा पंचगनी महाराष्ट्र में स्थित एक अनोखा हिल स्टेशन है। यह बहुत ही खूबसूरत जगह है, जहां जाकर आपको सुकून मिलेगा। यहां पर सबसे लोकप्रिय जगह देवराय आर्ट विलेज, धोम बांध और पारसी प्वाइंट आदि हैं, जो पर्यटकों को अपनी ओक आकर्षित करती हैं। अगर आप सर्दियों के मौसम में कहीं घूमने की योजना बना रहें हैं तो इस जगह जरूर जाएं।

#4

इगतपुरी 

महाराष्ट्र में स्थित इगतपुरी खूबसूरत हिल स्टेशनों में से एक है। यह जगह प्रकृति प्रेमी के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। प्राचीन फोर्ट, राजसी झरनें और ऊंचे पहाड़ों के रूप में ये जगह बहुत लोकप्रिय है। अगर आप महाराष्ट्र में घूमने की योजना बना रहे हैं तो इगतपुरी और इसके आसपास की जगहों की यात्रा जरूर करें। घूमने के लिए मुंबई की इन जगहों का भी रुख करें

#5

लोनावला 

मुंबई से कुछ ही घंटों की दूरी पर स्थित लोनावाला एक लोकप्रिय हिल स्टेशन है, जो अपने सुरम्य दृश्यों, झरनों और प्राचीन गुफाओं के लिए जाना जाता है। आप यहां ट्रेकिंग और कैंपिंग जैसी कई साहसिक गतिविधियों का भी आनंद ले सकते हैं। यही नहीं, लोनावला में कई पिकनिक स्पॉट भी हैं, जहां आप अपने दोस्तों या परिवार के साथ कुछ वक्त सुकून के बिता सकते हैं।