अपने पालतू जानवरों को भूलकर भी न खिलाएं ये खाद्य-पदार्थ, हो सकते हैं खतरनाक
क्या है खबर?
पालतू जानवरों को हमारी थाली में शामिल हर चीज का स्वाद लेना पसंद होता है। हालांकि, हम जो खाना खाते हैं वो कई बार जानवरों के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।
रसोई में मौजूद हर खाद्य-पदार्थ पालतू जानवरों को खिलाने के लिए सुरक्षित नहीं होता। अपने कुत्ते-बिल्लियों को खाना देने से पहले जांच लें कि कहीं वो उन्हें नुकसान तो नहीं पहुंचाएगा।
अपने पालतू जानवरों को भूल कर भी ये 5 खाद्य-पदार्थ कभी न दें।
#1
चॉकलेट
चॉकलेट पालतू जानवरों के लिए बेहद नुकसानदेह हो सकती है। इसके जेहरीले होने का कारण है इसमें मौजूद कैफीन और थियोब्रोमाइन नामक रसायन।
पालतू जानवरों, खास तौर से कुत्तों को चॉकलेट पचाने में परेशानी होती है। साथ ही इसमें मौजूद चीनी और वसा भी जानवरों को नुकसान पहुंचा सकती है।
डार्क चॉकलेट में सबसे ज्यादा थियोब्रोमाइन होता है, इसी कारण से इसे कभी भी अपने पालतू जानवरों को न दें।
यहां जानें- गर्मियों में कुत्तों के लिए स्वस्थ ट्रीट्स।
#2
कैफीन
अपने पालतू जानवरों को कैफीन से दूर रखना चाहिए, क्योंकि यह उनके लिए जानलेवा हो सकती है। जो पालतू जानवर कैफीन का सेवन करते हैं उनकी हृदय की गति बढ़ सकती है और वे हाइपर-एक्टिव हो सकते हैं।
कैफीने से वे चिड़चिड़े और बेचैन हो जाते हैं, जिससे वे शांत नहीं बैठते। साथ ही इससे पालतू जानवर शोर भी मचाने लगते हैं। इसका सेवन रक्तचाप को भी बढ़ाता है और हृदय की बिमारियों का भी कारण बन सकता है।
#3
अंगूर
जब पालतू जानवर किसी भी प्रकार के अंगूर खाते हैं, तो उन्हें गुर्दे की बिमारियों का खतरा होता है। पके हुए, बीजरहित, छिले हुए, सूखे या ताजा, हर तरह के अंगूर पालतू जानवरों के लिए जेहरीले होते हैं।
इन्हें थोड़ी मात्रा में भी जानवरों को कभी न दें। आपको अपने पालतू जानवरों को किशमिश, जूस, जेली या जैम जैसे अंगूर उत्पाद देने से भी बचना चाहिए।
इसकी जगह आप उन्हें सेब (बिना बीज के) या केले खिला सकते हैं।
#4
एवोकाडो
एवोकाडो पालतू जानवरों के लिए जानलेवा साबित होता है। इसमें पर्सिन नामक एक कवकनाशी विष होता है, जो कई जानवरों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं, यहां तक कि मौत, का कारण बन सकता है।
इसका सेवन करने से पालतू जानवरों को उल्टी, दस्त और मायोकार्डियल क्षति जैसी परेशानियां हो सकती हैं। एवोकाडो में ज्यादा मात्रा में वसा होती है, जो कुत्तों में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल बीमारी और वजन बढ़ने का कारण बन सकती है।
#5
प्याज
प्याज कभी भी पालतू जानवरों को नहीं खिलाना चाहिए, क्योंकि यह उनके लिए विषैला साबित हो सकता है। प्याज में एन-प्रोपाइल डाइसल्फाइड नामक एक विषैला तत्व होता है।
यह यौगिक लाल रक्त कोशिकाओं के बिगड़ने का कारण बनता है, जिससे जानवरों को एनीमिया हो जाता है। प्याज आपके पालतू जानवरों की लाल रक्त कोशिकाओं में ऑक्सीजन अणुओं से जुड़कर उन्हें ऑक्सीडेटिव क्षति पहुंचाता है।
इसके कारण हीमोलिटिक अरक्तता नामक बीमारी का खतरा बढ़ जाता है।