Page Loader
खाने से पहले इस तरह से धोएं अंगूर और जानिए इन्हें स्टोर करने का तरीका

खाने से पहले इस तरह से धोएं अंगूर और जानिए इन्हें स्टोर करने का तरीका

लेखन अंजली
Mar 29, 2024
06:10 am

क्या है खबर?

इन दिनों सोशल मीडिया ऐसी पोस्टों से भरा हुआ है, जिनमें बिना धुले अंगूरों को खाने से होने वाले नुकसान उजागर किए गए हैं। दरअसल, अंगूर को कीड़ों से सुरक्षित रखने के लिए इन पर पेस्टिसाइड का छिड़काव किया जाता है, जो शरीर में पहुंचकर समस्याएं उत्पन्न कर सकता है। इस वजह से खाने से पहले अंगूर को अच्छे से धोना बहुत आवश्यक है। आइए आज हम आपको अंगूर को ढंग से धोने और स्टोर करने का तरीका जानते हैं।

जानकारी

पेस्टिसाइड क्या होता है और यह खतरनाक क्यों है?

अंगूर ही नहीं, बल्कि कई अन्य फलों पर भी पेस्टिसाइड का छिड़काव किया जाता है। इसका कारण है कि पेस्टिसाइड एक तरह का कीटनाशक है, जो फलों को कीड़ों से सुरक्षित रखने और खराब होने से बचाता है, लेकिन ये शरीर में पहुंचकर स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। अंगूर को बिना छिलका उतारे खाया जाता है और इन पर चिपके पेस्टिसाइड कण पेट में पहुंचकर गले में संक्रमण, उल्टी, चक्कर और सिरदर्द जैसी समस्याओं का कारण बन सकते हैं।

धोना

अंगूर को धोने का तरीका

अंगूर से पेस्टिसाइड साफ करने के लिए आप नमक और गुनगुने पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक बड़े कटोरे को गुनगुने पानी से भरे, फिर उसमें एक बड़ी चम्मच नमक मिलाएं, फिर इसमें 1-2 मिनट के लिए अंगूर को डालने के बाद निकाल लें। इसके बाद अंगूर को चलते पानी में धोएं। इस तरह से अंगूर खाने योग्य हो जाएगें और आप इस तरीके बेरीज और कई अन्य फल भी साफ कर सकते हैं।।

स्टोर

अंगूर को इस तरह से करें स्टोर

अगर आप चाहते हैं कि अंगूर जल्दी से खराब न हो तो इन्हें किसी एयर टाइट कंटेनर या फिर प्लास्टिक बैग में डालकर फ्रिज में स्टोर करें। हालांकि, अगर आप अंगूर को सिर्फ स्मूदी या फिर अन्य पेय बनाने के लिए खरीदकर लाते हैं तो इन्हें धोने के बाद फ्रीजर में रख दें। इस तरह से फ्रोजन अंगूर बन जाएगें, जो पेय में फल और बर्फ धोनो का काम करेगें। यहां जानिए टमाटर को स्टोर करने का तरीके

फायदे

रोजाना अंगूर खाने के फायदे

अंगूर में रेस्वेराट्रोल नामक खास तत्व मौजूद होता है। यह एक प्रकार का पॉलीफेनोल है, जो शरीर की अतिरिक्त चर्बी को कम करने में मदद कर सकता है। इसके अतिरिक्त अंगूर में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट लीवर को स्वस्थ रखने, मुक्त कणों को दूर करने और कैंसर से बचाए रखने में सहायक है। अंगूर में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी होते हैं, जो शरीर की आंतरिक सूजन को दूर कर सकता है। यहां जानिए लाल अंगूर के सेवन से मिलने वाले फायदे

नुकसान

अधिक अंगूर खाने से होने वाले नुकसान

अंगूर में प्राकृतिक शर्करा अधिक होती है और उच्च शर्करा युक्त खाद्य पदार्थों के अधिक सेवन से दस्त और वजन बढ़ने की समस्या हो सकती है। इसके अलावा अंगूर में फिनोलिक यौगिक मौजूद होते हैं, जिसकी अधिकता से गर्भवती महिला और होने वाले शिशु का स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। वहीं खाली पेट अंगूर खाने से गैस बन सकती है। बता दें कि रोजाना 20 से 30 अंगूर का सेवन करना ही स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है।