
पासपोर्ट में गलत नाम कैसे कराएं सही? यहां जानिए आसान तरीका
क्या है खबर?
भारतीय नागरिकों के लिए पासपोर्ट केवल यात्रा दस्तावेज नहीं, बल्कि एक प्रमुख पहचान पत्र भी है।
कई बार अन्य दस्तावेजों जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या मार्कशीट से पासपोर्ट में नाम अलग होता है या पूरी तरह से गलत लिखा होता है, जिससे सरकारी कामों में रुकावट आती है।
हालांकि, अब इस समस्या का समाधान सरल है। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से पासपोर्ट में नाम सही करवा सकते हैं। इसके लिए एक तय प्रक्रिया और कुछ दस्तावेजों की जरूरत होती है।
दस्तावेज
ये दस्तावेज जरूरी होंगे नाम सुधार के लिए
पासपोर्ट में नाम सुधार के लिए सबसे पहले कुछ जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे।
इसमें पता प्रमाण (जैसे आधार कार्ड, बिजली बिल), जन्म प्रमाण पत्र और अगर नाम बदलने की कानूनी प्रक्रिया अपनाई है तो गजट अधिसूचना या विवाह प्रमाण पत्र शामिल किया जा सकता है।
सभी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी पोर्टल पर अपलोड की जाती है, जबकि सत्यापन के लिए मूल कॉपी अपॉइंटमेंट के दिन साथ ले जाना जरूरी होता है।
तरीका
पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर ऐसे करें आवेदन
पासपोर्ट में नाम सुधार के लिए सबसे पहले आधिकारिक पासपोर्ट सेवा पोर्टल (passportindia.gov.in) पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें या लॉग इन करें। अब 'री-इशू' विकल्प चुनें और यहां 'नेम करेक्शन' का चयन करें।
इसके बाद, ऑनलाइन फॉर्म भरें, जिसमें नया सही नाम और अन्य आवश्यक जानकारी दें। यहां उपयुक्त दस्तावेजों की स्कैन कॉपी ध्यान से अपलोड करें और शुल्क का भुगतान करें।
अब पासपोर्ट सेवा केंद्र या पासपोर्ट ऑफिस में अपॉइंटमेंट बुक करें।
आगे की प्रक्रिया
आगे की प्रक्रिया क्या है?
शुल्क भुगतान और अपॉइंटमेंट बुकिंग के बाद आवेदन रसीद (ARN के साथ) प्रिंट करें।
तय तिथि पर पासपोर्ट सेवा केंद्र जाएं और अपने सभी मूल दस्तावेज साथ ले जाएं। वहां दस्तावेजों की जांच के बाद प्रक्रिया पूरी होती है।
अगर सभी दस्तावेज सही पाए गए तो नया पासपोर्ट जारी कर दिया जाता है जिसमें सही नाम अंकित होता है। यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है और इसे आसानी से ट्रैक भी किया जा सकता है।