Page Loader
बालों को मजबूती प्रदान करने में सक्षम हैं ये पांच तरह के फल
बालों को मजबूती प्रदान करने वाले फल

बालों को मजबूती प्रदान करने में सक्षम हैं ये पांच तरह के फल

लेखन अंजली
Jul 23, 2022
06:00 am

क्या है खबर?

बालों का झड़ना हर उम्र के लोगों के लिए चिंताजनक विषय है क्योंकि तनाव, प्रदूषण और केमिकल्स युक्त हेयर केयर प्रोडक्ट्स जैसे कारक बालों को कमजोर कर सकते हैं या उन्हें नुकसान पहुंचा सकते हैं। बालों के स्वास्थ्य और गुणवत्ता में सुधार के लिए एक अच्छी डाइट लेना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए फल एक उत्कृष्ट स्रोत हैं, जो कई तरह के पोषक तत्वों से समृद्ध होते हैं। आइए आज हम आपको पांच फल के बारे बताते हैं।

#1

केला

केले का सेवन बालों के टूटने और दोमुंहे बालों के इलाज के लिए बहुत अच्छा माना जाता है क्योंकि ये प्राकृतिक तेल, विटामिन्स और पोटेशियम से भरपूर होता है। केले को सीधा खाने के अलावा आप इन्हें शहद के साथ मिलाकर पेस्ट भी बना सकते हैं और इस मिश्रण को हेयर मास्क के रूप में लगाकर ठंडे पानी से सिर को धो लें।

#2

सेब

रोजाना एक सेब खाने से बालों का झड़ना भी कम होता है क्योंकि इसमें प्रोसायनिडिन बी-2 होता है। ये बालों के घनत्व को बढ़ाने और इनकी मात्रा बढ़ाने के लिए बहुत अच्छे हैं। सेब को सीधे खाया जा सकता है और सलाद में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, सेब का सिरका और नींबू का रस मिलाकर पेस्ट को बालों में लगाने से बालों की ग्रोथ बढ़ती है।

#3

अंगूर

अंगूर में एंटी-फंगल, एंटी-ऑक्सिडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जिनका स्कैल्प पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा, अंगूर में अच्छी मात्रा में प्रोसायनिडिन होता है, जो आपके बालों के रोमछिद्रों को क्षति से बचाने और बालों के झड़ने को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है। यह स्कैल्प की सूजन को भी कम कर सकता है, जिससे बाल बेहतर होते हैं। आप अंगूर को सीधे खा सकते हैं या इसका जूस बनाकर पी सकते हैं।

#4

एवोकाडो

एवोकाडो एक गुणकारी फल है और इसे डाइट में शामिल करने से बालों के विकास में मदद मिलती है। दरअसल, इसमें मौजूद विटामिन-ई बालों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी होता है। इसके अलावा एवोकाडो में ओमेगा-फैटी एसिड भी होते हैं जो बालों के घनत्व को बढ़ाते हैं। वहीं, अगर आप एवोकाडो की मदद से हेयर मास्क बनाकर इसका इस्तेमाल करते हैं तो ये भी आपके बालों को स्वस्थ रखने में आपकी काफी मदद कर सकता है।

#5

आड़ू

आड़ू कई तरह के विटामिन्स और खनिजों से समृद्ध होता है, जो स्कैल्प को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। इसमें प्राकृतिक रूप से बाल विकास स्टेरॉयड बायोटिन भी होता है, जो अक्सर मिनोक्सिडिल जैसे बाल विकास सीरम में पाया जाता है। आड़ू को सलाद और स्मूदी में शामिल करें या उन्हें वैसे ही खाएं, बस किसी भी तरह से इसे अपनी डाइट में शामिल करें।