
टेस्ट: इंग्लैंड में लगातार चार बार 50+ का स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज, जानिए शानदार आंकड़े
क्या है खबर?
लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने भारतीय क्रिकेट टीम को 22 रन से हरा दिया। इंग्लैंड ने इस मुकाबले में 192 रन का लक्ष्य बचा लिया। रविंद्र जडेजा ने अकेले संघर्ष करते रहे और 181 गेंदों पर नाबाद 61 रन बनाए। यह इंग्लैंड में उनका लगातार चौथा टेस्ट अर्धशतक था। ऐसे में आइए उन भारतीय बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने इंग्लैंड में लगातार चार या उससे ज्यादा अर्धशतक लगाए हैं।
#1
ऋषभ पंत 5 (2021-2025)
ऋषभ पंत ने इंग्लैंड में लगातार 5 बार 50+ का स्कोर बनाया है। पंत मौजूदा इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने हेडिंग्ले में 2 शतक जमाकर कई रिकॉर्ड तोड़े। सितंबर 2021 से जुलाई 2025 तक इंग्लैंड में उनके टेस्ट स्कोर इस प्रकार रहे: 9, 50, 146, 57, 134, 118, 25, 65, 74 और 9। पंत के नाम इंग्लैंड में अब तक 4 शतक दर्ज हैं। उनके इस प्रदर्शन ने टीम को कई मौकों पर मजबूती दी है।
#2
सौरव गांगुली 4 (2002)
सौरव गांगुली ने साल 2002 में इंग्लैंड दौरे पर भारत का नेतृत्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। उस सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों ने इंग्लिश गेंदबाजों को कड़ी चुनौती दी थी। हेडिंग्ले में भारत ने पारी से जीत दर्ज की थी। गांगुली ने 4 टेस्ट में 58.50 की औसत से 351 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल थे। उनके स्कोर: 5, 0, 68, 99, 128 और 51 रहे। गांगुली की कप्तान और बल्लेबाजी दोनों शानदार रही थी।
#3
रविंद्र जडेजा 4 (2025)
रविंद्र जडेजा 2025 में इस खास सूची में शामिल होने वाले नए भारतीय खिलाड़ी बने हैं। उन्होंने बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर टीम को मजबूती दी है। जडेजा ने एजबेस्टन में भारत की पहली टेस्ट जीत में अहम भूमिका निभाई और 89 और 69* रन बनाए। इसके बाद लॉर्ड्स टेस्ट में भी उन्होंने दो अर्धशतक (72 और नाबाद 61) जड़े, हालांकि भारत 22 रन से हार गया। जडेजा का यह प्रदर्शन इंग्लैंड में उनकी बल्लेबाजी क्षमता को दर्शाता है।
उपलब्धि
जडेजा ने हासिल की थी ये उपलब्धि
लॉर्ड्स में अर्धशतकीय पारी के साथ जडेजा भारत के लिए टेस्ट में नंबर-6 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए तीसरे सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए थे। उन्होंने इस क्रम पर 29 बार 50+ के स्कोर किए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण (28) को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (38) पहले और कपिल देव (35) दूसरे नंबर पर बने हुए हैं।