Page Loader
सेब को डाइट में जरूर करें शामिल, जानिए इसके बेहतरीन फायदे

सेब को डाइट में जरूर करें शामिल, जानिए इसके बेहतरीन फायदे

लेखन अंजली
Sep 17, 2020
06:45 am

क्या है खबर?

'एन एप्पल ए डे कीप्स द डॉक्टर अवे' इस कहावत से तो आप भली-भांति वाकिफ होंगे। मतलब अगर आप रोजाना एक सेब खाएंगे तो बीमारियों से दूर रहेंगे। जब भी अच्छे स्वास्थ के लिए फलों की बात होती है तो पहला नाम सेब का ही आता है। इसमें लगभग वो सभी पौष्टिक तत्व मौजूद होते हैं जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माने जाते हैं। आज हम आपको इसी के फायदे बताने जा रहे हैं।

#1

मोटापे को नियंत्रित करता है सेब

मोटापा शरीर को कई बीमारियों का घर बना देता है इसलिए वक्त रहते इससे छुटकारा पाना बेहद जरूरी है। वैसे इस काम में सेब का सेवन आपकी काफी मदद कर सकता है क्योंकि यह पॉलीफेनोल्स, डाइटरी फाइबर, कैरोटीनॉयड और कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। ये पोषक तत्व शरीर से फ्री रेडिकल्स और मोटापा बढ़ाने वाले टिश्यू को कम करते हैं, जिससे आपको वजन कम करने में मदद मिल सकती है।

#2

कैंसर से बचाव करता है सेब

नियमित तौर पर सेब का सेवन करने से कैंसर के जोखिमों को भी कुछ हद तक कम किया जा सकता है। सेब के गुण एक नहीं बल्कि कई तरह के कैंसर के जोखिमों से बचा सकते हैं। इनमें प्रोस्टेट, लंग्स और ओवरी कैंसर के साथ एसोफैगस, कोलन और ब्रेस्ट कैंसर भी शामिल हैं। वहीं सेब के एंटी-ऑक्सीडेंट गुण फ्री रेडिकल्स को कम करते हैं और कैंसर कोशिकाओं को बढ़ने से रोकते हैं।

#3

रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए भी लाभदायक है सेब

शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के लिए भी सेब का सेवन फायदेमंद साबित हो सकता है क्योंकि इसको एंटी-ऑक्सीडेंट गुणों का भंडार माना जाता है जो शरीर को नकारात्मक प्रभावों से बचाने में सहायक होते हैं। इसके अलावा इसमें एंटी-प्रोलाइफरेटिव गुण होते हैं, जो कोशिकाओं को क्षति से बचाकर रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए सहायक के रूप में काम करते हैं। इसलिए सेब को डाइट में शामिल करना लाभकारी हो सकता है।

#4

हड्डियों को मजबूत करने में सहायक है सेब

इस बात में कोई दो राय नहीं है कि शरीर की तमाम गतिविधियां हड्डियों पर आधारित होती हैं इसलिए इनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना काफी जरूरी है। वैसे हड्डियों को मजबूत बनाने में कैल्शियम काफी हद तक मदद करता है और सेब में कैल्शियम और फास्फोरस जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं जो हड्डियों को मजबूत करने में काफी मदद करते हैं। इस वजह से सेब का सेवन हड्डियों के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध हो सकता है।