कई कामों के लिए इस्तेमाल की जा सकती है सफेद गोंद, जानिए तरीके
क्या है खबर?
आपने किसी न किसी चीज को चिपकाने के लिए सफेद गोंद का इस्तेमाल जरूर किया होगा। हालांकि क्या आप जानते हैं कि इसके अलावा अन्य कई कार्यों के लिए भी सफेद गोंद का इस्तेमाल किया जा सकता है।
सफेद गोंद की मदद से आप अपनी दिनचर्या की कई छोटी-बड़ी समस्याओं को आसानी से सुलझा सकते हैं।
चलिए फिर आपको बताते हैं कि आप सफेद गोंद का इस्तेमाल किन-किन तरीकों से कर सकते हैं।
#1
हाथ में चुभा लकड़ी का टुकड़ा निकालने में कारगर है गोंद
अगर आपकी हथेली या फिर किसी उंगली में लकड़ी का बारीक टुकड़ा चला गया है तो इसे निकालने के लिए आप सफेद गोंद का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसके लिए हाथ के प्रभावित हिस्से पर सफेद गोंद की एक परत लगा लें। इसके बाद गोंद को सूखने के लिए छोड़ दें।
जब गोंद अच्छे से सूख जाए तो टुकड़े को अपने हाथ से निकालने की कोशिश करें। यह आसानी से निकल जाएगा।
#2
शर्ट के बटन करें टाइट
अगर आप चाहते हैं कि आपकी शर्ट का कोई बटन न निकले तो इसके लिए भी आप सफेद गोंद का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसके लिए शर्ट के बटनों के धागों पर थोड़ा सा सफेद गोंद लगाकर उसे सूखने के लिए छोड़ दें।
यह धागे को ढीला होने से रोकने में मदद करेगा और आपके बटनों को लंबे समय तक टाइट रखेगा जिसके चलते बटन शर्ट से नहीं निकलेंगे।
#3
दीवार के छोटे-मोटे छेद भरें
अगर आपकी किसी दीवार का कोई छेद थोड़ा बड़ा हो गया है और इसमें कोई कील या पेच नहीं ठिक रहा है तो इसे ठीक करने के लिए आप सफेद गोंद का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसके लिए थोड़ी सी रूई को सफेद गोंद में डुबोएं और इससे छेद को भरकर रातभर के लिए सूखने के लिए छोड़ दें।
इसके बाद अगले दिन आप इस पर आसानी से कील या पेच को फिक्स कर सकते हैं।
#4
सफेद गोंद की मदद से नहीं उधड़ेगा धागा
शायद आपने इस बात पर ध्यान दिया होगा कि कभी-कभी जूतों के फीतों और कपड़े सुखाने की रस्सी जैसी चीजों के किनारों से धीरे-धीरे धागा निकलने लगता है और इसके कारण ये चीजें जल्दी खराब हो जाती हैं।
आपके साथ भी कभी न कभी ऐसा जरूर हुआ होगा। ऐसे में आप सफेद गोंद की मदद लें और इन चीजों के किनारों पर अच्छे से सफेद गोंद लगाकर उन्हें सुखा लें।
इससे धागे के उधड़ने की संभावना काफी कम हो जाएगी।