Page Loader
जानिए क्यों महत्वपूर्ण है पोटेशियम और इसके लिए किन खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए

जानिए क्यों महत्वपूर्ण है पोटेशियम और इसके लिए किन खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए

लेखन अंजली
Oct 16, 2020
08:00 pm

क्या है खबर?

शरीर के सभी अंग अपना काम तभी अच्छी तरह से कर पाते हैं जब उन्हें सारे पोषक तत्व संतुलित मात्रा में मिलते हैं। ऐसा ही एक जरूरी पोषक तत्व है पोटेशियम। यह एक प्रकार का इलेक्ट्रोलाइट होता है जो शरीर में इलेक्ट्रिक चार्ज को कैरी करता है और शरीर में इसकी कमी होने से कई शारीरिक समस्याएं हो सकती हैं। चलिए फिर जानते हैं कि पोटेशियम पाने के लिए आपको किन खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए।

#1

पालक

पालक में बड़ी मात्रा में पोटेशियम पाया जाता है और एक कप यानी लगभग 25 ग्राम पालक में 140 मिलीग्राम पोटेशियम होता है। इसके अलावा इसमें फाइबर, आयरन, मैंगनीज, जिंक और मैग्नीशियम जैसे प्रमुख पोषक तत्व भी होते हैं। इन सभी पोषक तत्वों के कारण पालक के सेवन से दिमागी क्षति से बचा जा सकता है। इसके अलावा पालक ब्रेस्ट कैंसर के जोखिम से बचाने में भी सहायक माना जाता है।

#2

शकरकंद

शकरकंद का सेवन भी पोटेशियम की कमी को दूर करने में मदद कर सकता है और एक कप यानी लगभग 250 ग्राम शकरकंद में 548 मिलीग्राम पोटेशियम होता है।। एक शोध के अनुसार, शकरकंद हृदय रोग से बचाने के साथ-साथ मधुमेह के जोखिम को कम करने में भी मदद करता है। इसके अलावा शकरकंद का सेवन करने से बढ़ते वजन और बढ़ती उम्र के लक्षणों को कम करने में भी मदद मिल सकती है।

#3

एवोकाडो

एवोकाडो को यूं ही सुपर फूड नहीं कहा जाता और इसमें अच्छी मात्रा में पोटेशियम के साथ-साथ फाइबर, विटामिन-ए, विटामिन-सी, विटामिन-ई, विटामिन-के और मैग्नीशियम जैसे कई तरह के पोषक तत्व भी शामिल होते हैं। एक कप यानी लगभग 230 ग्राम एवोकाडो में 1,120 मिलीग्राम पोटेशियम पाया जाता है। एक शोध के अनुसार, एवोकाडो का सेवन करने से मोटापा, चयापचय सिंड्रोम, कोलेस्ट्रॉल और हृदय संबंधी जोखिमों से दूरी बनी रहती है।

#4

खुबानी

खुबानी एक तरह का बीज वाला फल होता है जिसका सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद सिद्ध हो सकता है। खुबानी में शामिल प्रमुख पोषक तत्वों की बात करें तो यह पोटेशियम, फास्फोरस, कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन और सेलेनियम से भरपूर होता है। एक कप खुबानी यानी लगभग 150 ग्राम में 259 मिलीग्राम पोटेशियम होता है। इन पोषक तत्वों से भरपूर होने के कारण खुबानी हृदय को स्वस्थ रखने और अल्सर और मधुमेह से बचाव में सहायक हो सकता है।