लहसुन खरीदने जाएं तो इन बातों का रखें खास ध्यान, सही होगा चयन
क्या है खबर?
कई व्यंजनों का स्वाद लहसुन के बिना अधूरा सा लगता है, इसलिए कई लोग इसकी अच्छी मात्रा घर पर स्टोर करके रखना पसंद करते हैं।
हालांकि इसे लंबे समय तक स्टोर तभी किया जा सकता है, जब खरीदते समय सही लहसुन का चयन किया गया हो।
आइए आज हम आपको कुछ ऐसी खास बातों के बारे में बताते हैं जिन्हें ध्यान में रखकर आप सही लहसुन का चयन कर सकते हैं।
#1
लहसुन के छिलके पर दें ध्यान
लहसुन खरीदते समय इसके छिलके पर खास ध्यान दें। इससे आप इस बात का अंदाजा लगा सकते हैं कि लहसुन अंदर से कैसा होगा।
अगर लहसुन का छिलका मोटा है तो इसे खरीदने से बचें क्योंकि कभी-कभी इसकी कलियां न के बराबर निकलती हैं।
हमेशा लहसुन कागज जैसे हल्के छिलके वाला खरीदना चाहिए क्योंकि इसकी कलियां अच्छी निकलती हैं।
बेहतर होगा कि आप खरीदते समय लहसुन की गांठ को थोड़ा दबाकर देखें और इसके साथ ही इसका वजन भी टटोलें।
#2
लहसुन का आकार देखें
जब भी आप बाजार से लहसुन खरीदने जाएं तो इसके छिलके के साथ-साथ इसके आकार पर भी ध्यान दें।
अगर लहसुन आकार में छोटा हो तो इसे खरीदने से बचें क्योंकि ऐसे लहसुन की कलियां बहुत ही छोटी होती हैं और छिलका अधिक होता है।
छोटी कलियों वाले लहसुन को खरीदने में कोई खराबी नहीं होती है, लेकिन उन्हें छीलने और काटने में आपको दिक्कत हो सकती है।
इसलिए हमेशा बड़ी कलियों वाला लहसुन खरीदें।
#3
अंकुरित लहसुन को खरीदने से बचें
अगर अंकुरित लहसुन का जल्दी इस्तेमाल न किया जाए तो वह सड़ जाता है।
इसलिए लहसुन को खरीदते समय इसके ऊपरी हिस्से पर ध्यान दें। अगर वह हरा नजर आ रहा है तो समझ जाएं कि लहसुन जल्द ही अंकुरित होने वाला है।
बेहतर होगा कि आप ऐसी लहसुन की गांठ को न खरीदें।
इसके अतिरिक्त अगर लहसुन पर काले पाउडर जैसा कुछ नजर आए तो उसे न खरीदें क्योंकि हो सकता है कि उसे केमिकल्स से पकाया गया हो।
#4
इस तरह का लहसुन खरीदना रहेगा बेहतर
जब भी आप लहसुन खरीदने जाएं तो ध्यान रखें कि इसकी गांठ की कलियां बड़ी होनी चाहिए क्योंकि इनका छिलका उतारना आसान होता है और समय की बचत होती है।
वहीं लहसुन हमेशा भारी लेना चाहिए क्योंकि हल्के लहसुन कभी-कभी अंदर से खराब होते हैं।
बेहतर होगा कि आप खरीदते समय लहसुन की कलियों को दबाकर देखें। अगर वह ज्यादा दब रही हैं तो लहसुन अच्छा नही है और इसमें कीड़े भी हो सकते हैं।