
गर्मियों में ऊर्जावान रहने और भरपूर हाइड्रेशन के लिए क्या खाना चाहिए और क्या नहीं?
क्या है खबर?
गर्मियों में पसीना अधिक आता है और इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे शरीर में थकान और कमजोरी महसूस होने लगती है।
इसके अलावा गर्मियों में शरीर में नमक और खनिज का स्तर भी कम हो जाता है। ये शरीर के तरल पदार्थों के संतुलन को बनाए रखने में मदद करते हैं।
इसके लिए आपको अपने खाने में कुछ ऐसी खान-पान की चीजों को शामिल करना चाहिए, जो ऊर्जावान और हाइड्रेटेड रखने में सहायक हों।
#1
पानी की कमी को पूरा करने में है सक्षम तरबूज
तरबूज में पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद कर सकती है।
इसके अलावा तरबूज में विटामिन-C भी होता है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है और विटामिन-A त्वचा को चमकदार बनाने में मदद कर सकता है।
लाभ के लिए तरबूज को काटकर उस पर काला नमक और नींबू का रस छिड़ककर खाएं या फिर इसका जूस बनाकर पिएं।
#2
पाचन को अच्छा रखने में सहायक है खीरा
खीरे में भी पानी की अधिक मात्रा होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकता है।
इसमें मौजूद फाइबर पाचन को ठीक रखने में मदद कर सकता है और पेट को भरा हुआ भी रख सकता है।
इसके अलावा खीरे में मौजूद विटामिन-C और विटामिन-K रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं।
लाभ के लिए सलाद के रूप में खीरे का सेवन करें या फिर इसका जूस बनाकर पिएं।
#3
शरीर को ठंडक दे सकता है बेल का जूस
बेल का जूस पेट को ठंडा रखने और हाइड्रेट रखने में मदद कर सकता है। इसका जूस शरीर से विषैले पदार्थों को बाहर निकालने में मदद कर सकता है।
इसके अलावा बेल का जूस पाचन क्रिया को स्वस्थ रखने और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में सहायक हो सकता है।
लाभ के लिए बेल को काटकर उसका गूदा निकालकर उसे पीस लें, फिर इसे छानकर पीएं।
#4
गर्मियों के दौरान नारियल पानी का करें सेवन
नारियल पानी में प्राकृतिक मिठास, पोटेशियम, मैग्नीशियम और कई खनिज होते हैं, जो शरीर में पानी की कमी को पूरा कर सकते हैं।
यह पेय शरीर को ऊर्जा देने और पाचन क्रिया को ठीक रखने में भी सहायक है।
इसके अलावा नारियल पानी का सेवन त्वचा को हाइड्रेट रखने, मुंहासों की समस्या से राहत दिलाने और त्वचा को चमकदार बनाने में भी मदद कर सकता है।
लाभ के लिए ताजे नारियल पानी का सेवन करें।
#5
गर्मियों के दौरान इन चीजों का सेवन करने से बचें
गर्मियों के दौरान अधिक तला-भुना, मसालेदार और चटपटी चीजों का सेवन करने से बचें क्योंकि ये पाचन क्रिया को प्रभावित कर सकती हैं।
इसके अलावा गर्मियों के दौरान ऐसी चीजों का सेवन करने से भी बचें, जिनमें अधिक मात्रा में चर्बी, कैफीन और शक्कर हो।
साथ ही अधिक से अधिक ठंडे पेय जैसे आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक और फ्रूटी आदि के सेवन से भी दूरी बनाएं क्योंकि ये पेय भी शरीर को नुकसान पहुंचा सकते हैं।