LOADING...
वनडे क्रिकेट के इतिहास में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज और उनके आंकड़े
शाहिद अफरीदी के आंकड़े कमाल के हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

वनडे क्रिकेट के इतिहास में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज और उनके आंकड़े

Aug 02, 2025
07:41 pm

क्या है खबर?

वनडे क्रिकेट के इतिहास में शतक लगाना हर बल्लेबाज का सपना होता है, लेकिन कुछ खिलाड़ी इस मुकाम तक बेहद कम उम्र में पहुंचकर इतिहास रच देते हैं। ऐसे ही युवाओं ने न सिर्फ शतक जड़ा, बल्कि क्रिकेट जगत को अपनी प्रतिभा से चौंका दिया। इन खिलाड़ियों ने कम उम्र में जिम्मेदारी निभाकर यह साबित किया कि उम्र सिर्फ एक संख्या है। ऐसे में आइए वनडे में शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाजों पर एक नजर डालते हैं।

#1

शाहिद अफरीदी (16 साल 217 दिन) 

पहले स्थान पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी शाहिद अफरीदी हैं। उन्होंने साल 1996 में 16 साल और 217 दिन की उम्र में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 102 रन की पारी खेली थी। इस खिलाड़ी ने सिर्फ 40 गेंदों का सामना करते हुए ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 6 चौके और 11 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 255 की रही थी। उस मैच में पाकिस्तान को 82 रनों से शानदार जीत मिली थी।

#2

उस्मान गनी (17 साल 242 दिन) 

दूसरे स्थान पर अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के उस्मान गनी हैं। उन्होंने साल 2014 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ 17 साल और 242 दिन की उम्र में शतकीय पारी खेल दी थी। उन्होंने 143 गेंदों का सामना करते हुए 118 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 12 चौके और 1 छक्का निकला था। उनकी स्ट्राइक रेट 82.51 की रही थी। अफगानिस्तान ने पहली पारी में 256/7 का स्कोर बनाया था। जिम्बाब्वे ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।

#3

इमरान नजीर (18 साल 121 दिन) 

तीसरे स्थान पर पाकिस्तान के एक और पूर्व खिलाड़ी इमरान नजीर हैं। उन्होंने 18 साल और 121 दिन की उम्र में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2000 में शतकीय पारी खेली थी। इमरान ने उस मैच में 135 गेंदों का सामना किया था और 105 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 10 चौके और 2 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 77.77 की रही थी। पाकिस्तान टीम ने वह मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम किया था।

#4

सलीम इल्लाही (18 साल 312 दिन) 

चौथे स्थान पर पाकिस्तान के एक और पूर्व खिलाड़ी सलीम इल्लाही है। उन्होंने 18 साल और 312 दिन की उम्र में श्रीलंका के खिलाफ 102 रन की पारी खेली थी। साल 1995 में खेले गए उस मुकाबले में उन्होंने 133 गेंदों का सामना किया था। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का लगाया था। उनकी स्ट्राइक रेट 76.69 की रही थी। पाकिस्तान को उस मैच में 9 विकेट से शानदार जीत मिली थी।